Dailyhunt
गुलदार के हमले में बालक घायल , क्षेत्र में दहशत

गुलदार के हमले में बालक घायल , क्षेत्र में दहशत

पौड़ी गढ़वाल, 20 मार्च (हि.स.)। विकासखंड पोखड़ा के धस्माणी गांव में गुलदार ने 11 साल के बालक को हमला कर घायल कर दिया। घायल बच्चें का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। वहीं, कांग्रेस व यूकेडी नेताओं ने घायल बच्चें का हालचाल जाना।

जिला अस्पताल में भर्ती घायल दीपक के परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम को ग्राम धस्माणी, पट्टी पिंगलापाखा, विकासखंड पोखड़ा निवासी 11 वर्षीय दीपक पुत्र सतीश सिंह रावत अपने घर की दूसरी मंजिल के जीने में बैठा था, तभी आदमखोर गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक के चाचा व अन्य परिजनों के हो हल्ला करने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

शुक्रवार को घायल का हालचाल जानने पहुंचे कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट के साथ-साथ यूकेडी नेता गौरव चंदोला ने परिजनों से मुलाकात कर बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। जिला अस्पताल में शल्य चिकित्सक डा. शुभंकर अग्रवाल की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और न्यूरोसर्जन की निगरानी के लिए दीपक को हायर सेंटर देहरादून रेफर करने की तैयारी की है। इस दौरान दोनों नेताओं ने परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती गुलदार की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से ठोस रणनीति बनाने की मांग की।

वहीं, डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। पिंजरे व ट्रेप कैमरे लगाए जा रहे है। ग्रामीणों को भी सतकर्ता बरतने की अपील की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi