Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
ग्वालियरः पीटीएस तिघरा में भव्यता के साथ आयोजित हुआ "प्रकृति प्रहरी सम्मान" समारोह

ग्वालियरः पीटीएस तिघरा में भव्यता के साथ आयोजित हुआ "प्रकृति प्रहरी सम्मान" समारोह

- उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्व सम्मानित

ग्वालियर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पीटीएस तिघरा में मंगलवार को मंगल प्रकृति संजीवन प्रोजेक्ट के तहत भव्य "प्रकृति प्रहरी सम्मान" समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, जैव-विविधता संरक्षण, जल संरक्षण, गौ-संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों एवं वक्ताओं ने अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के जन-अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल राजाबाबू सिंह, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, वन मंडलाधिकारी अवधेश कुमार मीणा, प्रख्यात पर्यावरणविद् अभिलाष खांडेकर, आदर्श गौशाला लाल टिपारा के संत स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज तथा दाता बंदी छोड़ किला गुरुद्वारा के बाबा लक्खा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाकर ही हम हरित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण का निर्माण कर सकते हैं।

प्रख्यात पर्यावरणविद् अभिलाष खांडेकर ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण मानव अस्तित्व की मूल आवश्यकता है। उन्होंने जैव-विविधता संरक्षण, जल संरक्षण और सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि बाबा लक्खा सिंह ने प्रकृति को ईश्वर की अमूल्य धरोहर बताते हुए उसके संरक्षण को मानवता का सर्वोच्च दायित्व बताया।

कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति एवं मातृभूमि वंदना के प्रतीक राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" की भावपूर्ण प्रस्तुति अंशुमान सिंह सेंगर द्वारा दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।

अंत में पीटीएस तिघरा के पुलिस अधीक्षक अखिलेश रेनवाल ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तित्वों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालनमंत्रिता शर्मा ने किया। कार्यक्रम के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान ने पीटीएस तिघरा के मंगल प्रकृति संजीवन प्रोजेक्ट का अवलोकन भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi