Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
'इंजीनियर बाबा' गिरफ्तार: बीटेक-एमटेक युवतियों का ब्रेनवाश कर करता था शोषण

'इंजीनियर बाबा' गिरफ्तार: बीटेक-एमटेक युवतियों का ब्रेनवाश कर करता था शोषण

थुरा, 02 जून(हि.स.)। मंडली में भजन-कीर्तन करने और बी-टेक, एम-टेक वाली युवतियों व महिलाओं को अच्छे पैकेज का झांसा देकर यौन शोषण करने वाले मैकेनिकल इंजीनियर साधु वेशधारी को गोवर्धन पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

वह ऑनलाइन माध्यम से महिलाओं और युवतियों को ज्ञान का पाठ पढ़ाता था और अपने आश्रम में बुलाता था। पुलिस ने उसके पास से तीन महिलाओं को भी मुक्त कराया है। इस आशय की जानकारी मंगलवार एसपी देहात ने मीडिया के साथ साझा की है।

थाना गोवर्धन पुलिस ने युवतियों और महिलाओं का ब्रेनवाश कर उनका शोषण करने वाले साधु वेषधारी आरोपित बाबा अभिषेक मिश्रा उर्फ आदि कर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मूल रूप से भुवनेश्वर (उड़ीसा) का रहने वाला 30 वर्षीय मैकेनिकल इंजीनियर अभिषेक मिश्रा पिछले 3 साल से गोवर्धन में रह रहा था।

वह ऑनलाइन माध्यम से भजन-कीर्तन मंडली बनाकर बीटेक और एमटेक पास युवतियों को अच्छे पैकेज का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। उनका ब्रेनवाश कर जबरन विवाह रचाता था और उनका शोषण करता था। उसके मोबाइल से 25 से 30 अश्लील फोटो भी पाए गए हैं, उसने दर्जन भर से अधिक युवतियों को अपने जाल में फंसा रखा था।

पकड़ा गया आरोपित कोई अनपढ़ अपराधी नहीं, बल्कि एक मैकेनिकल इंजीनियर है जिसने साधु का चोला ओढ़ रखा था। वह अपने ऑनलाइन ग्रुप के जरिए पढ़ी-लिखी महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था। उन्हें अच्छे पैकेज और भजनों के जाल में फंसाकर गोवर्धन बुलाता था। वहां उनका इस कदर ब्रेनवाश किया जाता था कि वे सब कुछ भूलकर उसके समूह में शामिल हो जाती थीं, इसके बाद उनके साथ 'गंधर्व विवाह' के नाम पर संबंध बनाता था।

मंगलवार एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया इस पूरे घिनौने खेल का पर्दाफाश तब हुआ जब उड़ीसा की एक पीड़ित युवती ने हिम्मत जुटाकर आरोपित के खिलाफ पुलिस में लिखित तहरीर दी। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और आरोपित अभिषेक मिश्रा को दबोच लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बाबा के चंगुल से दो युवतियों और एक युवक को सकुशल बरामद करके उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में गोवर्धन थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर, निरीक्षक शिवकुमार दोहरे, उ0नि0 रजत दुबे थाना, म0उ0नि0 विनय वौद्व, हे0का0 1239 आनन्द कुमार, है0का0 1103 सुशील कुमार, रि0म0आ0 रितू शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi