Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

ईसा फांउडेशन से फीजिकल प्रशिक्षण हासिल करने वाले 28 युवा बने अग्निवीर

पौड़ी गढ़वाल, 29 मई (हि.स.)। ईसा फाउंडेशन से फीजिकल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 50 प्रशिक्षार्थियों में से 28 प्रशिक्षार्थियों का चयन भारतीय सेना में अग्निवीर के पद पर हुआ है। प्रशिक्षणार्थियों की इस उपलब्धि पर ईसा फाउंडेशन के साथ ही प्रशिक्षार्थियों के परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है।

फाउंडेशन के संस्थापक इंद्रजीत सिंह नेगी ने बताया कि जिले के युवाओं को भारतीय सेना में सेवा का अवसर दिलाने के लिए फाउंडेशन ने रांसी मैदान में 6 महीने तक एक विशेष अग्निवीर फिजिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया था।

इस आवासीय एवं नियमित प्रशिक्षण अभियान में जनपद के विभिन्न विकासखण्डों से 50 युवाओं ने प्रतिभाग किया और सेना में भर्ती होने के अपने सपने को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम किया। बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्रतिदिन सुबह व शाम अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दौड़, शारीरिक दक्षता, सहनशक्ति, अनुशासन, सेना भर्ती से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

युवाओं के बेहतर प्रदर्शन और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन ने प्रतिभागियों को जूते, ट्रैक सूट, जुराबें, निक्कर, टी-शर्ट और अन्य आवश्यक खेल सामग्री भी निशुल्क उपलब्ध कराई। बताया कि भर्ती प्रक्रिया के शुरू होने पर अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निभाई। युवाओं को भर्ती हेतु विशेष बस की व्यवस्था कर कोटद्वार भर्ती मैदान तक ले जाया गया। इस अभियान के संचालन में प्रबंधक आलोक रावत, अमन कुमार, संग्राम सिंह नेगी, मनोज बिष्ट, गंगोत्री नेगी, काजल रावत, धर्म सिंह, डीएस रावत, सतवीर सिंह आदि ने सहयोग दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi