Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, अपर मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, अपर मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण

रिद्वार, 29 मई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने अवस्थापना एवं निर्माण कार्यों में तेजी ला दी है। सड़कों, पुलों, स्वच्छता व्यवस्था और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन लगातार निरीक्षण और समीक्षा कर रहा है।

मेला प्रशासन द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, वरिष्ठ अधिकारियों, तकनीकी सेल के अभियंताओं तथा गुणवत्ता परीक्षण एजेंसियों की टीम लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही है।

इसी क्रम में शुक्रवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों के साथ भूपतवाला-सप्तसरोवर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र की आंतरिक सड़कों की स्थिति का मूल्यांकन किया गया तथा मरम्मत एवं सुधार कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कहा कि मेला प्रशासन क्षेत्रीय सड़कों के सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि मेलाधिकारी द्वारा भी पूर्व में कई बार क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय समस्याओं का अध्ययन किया गया है और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश देते हुए कहा कि यह सड़क श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन को देखते हुए इस मार्ग का मजबूत और सुगम होना आवश्यक है।

अपर मेलाधिकारी ने कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

इसके अलावा उन्होंने धनौरी-सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी पर निर्माणाधीन दो लेन मोटर पुल का भी स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई अनुभव नौटियाल, तकनीकी सेल के अभियंता अतुल शांडिल्य सहित लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi