बंगाईगांव (असम), 16 सितम्बर (हि.स.)। न्यू बोंगाईगांव रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर असम रेलवे पुलिस और आरपीएफ ने 14 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में छह पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं।
इनके साथ चार बच्चे भी मौजूद थे।
पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी ने मेघालय के डाउकी सीमा क्षेत्र के रास्ते असम में प्रवेश किया था। इसके बाद रेल मार्ग से देश के अन्य हिस्सों में जाने की योजना थी।
गुप्त सूचना के आधार पर असम रेलवे पुलिस और आरपीएफ ने डाउन गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस में अभियान चलाया। ट्रेन के न्यू बंगाईगांव रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह समूह बांग्लादेश के खुलना से एक कथित दलाल नेटवर्क के माध्यम से असम पहुंचा था। जांच में रंजू मियां नामक व्यक्ति की भूमिका सामने आने की बात भी पुलिस सूत्रों ने कही है।
फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। वे डाउकी सीमा के रास्ते असम में कैसे पहुंचे, किन लोगों की मदद से यहां आए और उनका आगे का गंतव्य क्या था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में कथित दलाल नेटवर्क की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा
