Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पंचायती चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ : अनुराग सिंह ठाकुर

पंचायती चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ : अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर, 01 जून (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों के परिणामों को प्रदेश की कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जनता का स्पष्ट जनादेश बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर से आए परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया है कि कांग्रेस सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।

जिला परिषद चुनावों में 19 सीटों में से कांग्रेस केवल एक सीट जीत पाई, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 15 सीटों पर विजय प्राप्त की और शेष सीटों पर भी कांग्रेस को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री के गृह जिले में उनकी पार्टी का इतना कमजोर प्रदर्शन जनता की नाराजगी का स्पष्ट संकेत है।

उन्होंने कहा कि पंचायत समिति (बीडीसी) चुनावों के परिणाम भी कांग्रेस सरकार की विफलताओं की कहानी स्वयं बयां कर रहे हैं। हमीरपुर जिले की कुल 119 पंचायत समिति सीटों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 80 सीटों पर विजय हासिल की, जबकि कांग्रेस केवल 32 सीटों तक सिमट गई। सात सीटों पर निर्दलीय अथवा न्यूट्रल उम्मीदवार विजयी रहे। उन्होंने कहा कि लगभग दो-तिहाई सीटों पर भाजपा की जीत यह दर्शाती है कि जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में जनता को निराशा ही हाथ लगी है। कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता से किए गए वादे अधूरे पड़े हैं। यही कारण है कि स्थानीय निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त किया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के माध्यम से यह संदेश दिया है कि कांग्रेस सरकार जनभावनाओं से कट चुकी है। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस का न केवल हमीरपुर जिले में बल्कि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में जनाधार तेजी से सिमट रहा है। यह परिणाम केवल चुनावी हार नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली के प्रति जनता की नाराजगी का प्रतिबिंब हैं।

अनुराग ठाकुर ने भाजपा समर्थित सभी विजयी जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने हमीरपुर जिला तथा प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi