Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पिठोरिया में आपसी विवाद में युवक को मारी गोली, रिम्स रेफर

पिठोरिया में आपसी विवाद में युवक को मारी गोली, रिम्स रेफर

रांची, 02 मई (हि.स.)। पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो गांव में आपसी रंजिश में गोलीबारी की घटना सामने आई है। घटना में फिरोज अंसारी नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गोली चलाने का आरोप अफसर अंसारी पर लगा है। लोगों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व अफसर अंसारी ने फिरोज अंसारी के नाबालिग भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस मामले में वह जेल में बंद था। अफसर अंसारी चोरी के मामले में भी जेल जा चुका है। अब जेल से निकलने के बाद एक बार फिर उसने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल फिरोज अंसारी को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

वहीं दूसरी तरफ गोलीबारी की वारदात के बाद पिठोरिया पुलिस आरोपित अफसर अंसारी की तलाश में जुट गई है। रांची के हेड क्वार्टर डीएसपी वन अमर पांडेय ने बताया की फायरिंग को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान हो चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है जल्द ही वह पकड़ा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi