Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

संदिग्ध परिस्थितियों में रामचरितमानस गायक का अधजला शव मिलने से सनसनी

जौनपुर, 29 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले के तेजी बाजार थाना क्षेत्र के काधापुर(तरहरिय) गांव में रामचरितमानस गायक एवं कथावाचक अशोक मिश्रा (70) का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अशोक मिश्रा गुरुवार रात भोजन करने के बाद करीब नौ बजे अपने बिस्तर पर सोने चले गए थे। उनकी पत्नी इसरावती देवी गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। देर रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अशोक मिश्रा घर पर नहीं हैं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 200 मीटर दूर नाले के किनारे उनका शव अधजली अवस्था में पड़ा देखा। घटनास्थल के पास पेट्रोल की एक शीशी मिलने की भी चर्चा है, जिससे शव को पेट्रोल डालकर जलाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही तेजी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुट गई। मृतक की पत्नी इसरावती देवी ने जमीनी विवाद को लेकर पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के चलते उनके पति की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, अशोक वर्षों से रामचरितमानस का पाठ और कथा वाचन कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे विभिन्न धार्मिक आयोजनों में मानस गान करते थे। उनके दो पुत्र नागपुर में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वे रिश्तेदारी में मृतक के चाचा लगते हैं और दोनों परिवार धार्मिक आयोजनों में साथ-साथ भाग लेते रहे हैं। ऐसे में घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

तेजी बाजार थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi