Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
शिवपुरीः वन विद्यालय में वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र-123 का दीक्षांत समारोह संपन्न

शिवपुरीः वन विद्यालय में वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र-123 का दीक्षांत समारोह संपन्न

शिवपुरी, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित वन विद्यालय में संचालित वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र-123 का समापन समारोह एवं दीक्षांत कार्यक्रम रविवार को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक, माधव टाइगर रिजर्व शिवपुरी हरिओम शर्मा रहे।

कार्यक्रम का आयोजन वनसंरक्षक आदर्श श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा वन विद्यालय संचालक सुधांशु यादव एवं अनुदेशक आदित्य शांडिल्य के निर्देशन में संपन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत वनरक्षक प्रशिक्षुओं की आकर्षक पासिंग आउट परेड से हुई। परेड कमांडर वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चार प्लाटूनों ने अनुशासन और दक्षता का प्रदर्शन किया। इसके बाद रजत जयंती हॉल में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया।

छह माह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षुओं को शारीरिक एवं व्यावसायिक दक्षता विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया। 1 दिसंबर 2025 से प्रारंभ प्रशिक्षण में 15 दिवसीय अध्ययन भ्रमण, पीटी, परेड, योग, खेलकूद, शस्त्र प्रशिक्षण तथा भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) आरटीसी करैरा में विशेष प्रशिक्षण शामिल रहा। प्रशिक्षुओं ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में निशस्त्र वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया।

प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए कु. अनुराधा चौहान (वनमंडल देवास) को सम्मान मिला। वहीं 9 किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में वीरेन्द्र सिंह ने 39 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वानिकी विषयों की मुख्य परीक्षा में कुल 79 प्रशिक्षणार्थी सफल घोषित हुए। सभी विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अजय राठौर (वनमंडल देवास) को सम्मानित किया गया।

वन विद्यालय संचालक सुधांशु यादव ने नवप्रशिक्षित वनरक्षकों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा विभागीय दायित्वों का निष्ठा और अनुशासन के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने निरंतर अध्ययन और ज्ञानवर्धन की आदत बनाए रखने पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में अनुदेशक आदित्य शांडिल्य ने अतिथियों, प्रशिक्षुओं तथा उनके परिजनों का आभार व्यक्त किया। समारोह के सफल आयोजन में वन विद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi