Dailyhunt
सुल्तानगंज के ईओ कष्ण कुमार हत्या के दोषियों की गिरफ्तारी की उठी मांग

सुल्तानगंज के ईओ कष्ण कुमार हत्या के दोषियों की गिरफ्तारी की उठी मांग

सुपौल, 29 अप्रैल (हि.स.)। सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या से पूरे बिहार के नगर निकायों में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हृदयविदारक घटना के विरोध में बुधवार को सुपौल नगर परिषद परिसर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया।

सभा में नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षदों ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।

शोक सभा का माहौल अत्यंत भावुक और गंभीर रहा। उपस्थित लोगों ने कृष्ण कुमार की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। सभी ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और उन्हें कठोर से कठोर सजा देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी की इस प्रकार निर्मम हत्या न केवल प्रशासनिक तंत्र के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।

सुपौल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कृष्ण कुमार एक अत्यंत सरल, मिलनसार और कर्मठ अधिकारी थे। वे अपने कार्यों के प्रति हमेशा सजग और समर्पित रहते थे। उन्होंने कहा कि अपराधियों का कोई धर्म, जाति या वर्ग नहीं होता। जो लोग इस तरह की अमानवीय घटनाओं को अंजाम देते हैं, वे केवल समाज और व्यवस्था के दुश्मन होते हैं। कृष्ण कुमार की हत्या ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि कृष्ण कुमार जैसे अधिकारी प्रशासनिक सेवा की गरिमा और प्रतिबद्धता के प्रतीक थे। उनकी कार्यशैली, व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण उन्हें अन्य अधिकारियों से अलग पहचान दिलाता था। उनका असमय निधन प्रशासनिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।नगर परिषद चेयरमैन राघवेंद्र झा ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि एक ईमानदार और निष्ठावान अधिकारी की खुलेआम हत्या होना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। यह घटना न केवल प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगाती है, बल्कि आम लोगों के मन में भी भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न करती है।राघवेंद्र झा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जो भविष्य में किसी भी अपराधी के लिए एक कड़ा संदेश साबित हो।

शोक सभा में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि कृष्ण कुमार जैसे समर्पित अधिकारी समाज और प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। उनकी हत्या से प्रशासनिक परिवार ने एक कुशल, ईमानदार और संवेदनशील अधिकारी को खो दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi