Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
यमुनानगर: प्रतिबंधित कैप्सूल नेटवर्क का बड़ा खुलासा, सप्लाई चेन का आरोपी पुलिस रिमांड पर

यमुनानगर: प्रतिबंधित कैप्सूल नेटवर्क का बड़ा खुलासा, सप्लाई चेन का आरोपी पुलिस रिमांड पर

मुनानगर, 31 मई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए सप्लाई नेटवर्क के एक और महत्वपूर्ण कड़ी को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान सामने आई कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पढेड़ गांव निवासी नसीम को हिरासत में लिया है। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच में नसीम की भूमिका प्रतिबंधित कैप्सूलों के मुख्य आपूर्तिकर्ता के रूप में सामने आई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल उत्तर प्रदेश के चिलकाना स्थित मदीना मेडिकल स्टोर संचालक अनस को उपलब्ध कराए थे। पुलिस पहले ही अनस को गिरफ्तार कर चुकी है।

जांच के अनुसार अनस ने ये दवाइयां यमुनानगर के टेही चट्टान निवासी रोहित और सूरज को बेची थीं। दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आगे की पड़ताल में सामने आया कि यह खेप प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सरबजीत तक पहुंचाई जानी थी, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह है कि प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति श्रृंखला में मेडिकल स्टोर संचालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।

अब तक दो मेडिकल स्टोर संचालकों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिससे अवैध दवा कारोबार के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शेष आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि नसीम से रिमांड अवधि के दौरान सप्लाई नेटवर्क, स्रोतों और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Hindusthan Samachar Hindi