Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अमर कॉलोनी के रेस्तरां में गोली लगने से घायल हुए नाबालिग ने दम तोड़ा

अमर कॉलोनी के रेस्तरां में गोली लगने से घायल हुए नाबालिग ने दम तोड़ा

IBC24 1 week ago

यी दिल्ली, एक जून (भाषा) दक्षिण पूर्वी दिल्ली की अमर कॉलोनी के एक रेस्तरां में जिस 17 वर्षीय लड़के को गोली मारी गई थी, उसकी सोमवार को अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 26 मई को हुई घटना के बाद साई कुमार वेंटिलेटर सपोर्ट पर था और आज पूर्वाह्न करीब पौने 12 बजे उसकी मौत हो गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच का जिम्मा संभाल चुकी दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा प्राथमिकी में अब हत्या से संबंधित धारा भी जोड़ सकती है।

अधिकारियों ने बताया था कि आरोपी 16 वर्षीय लड़के को 28 मई की सुबह ओखला से पुलिस ने पकड़ लिया था और उसके पास से एक स्वचालित पिस्तौल बरामद की गई थी।

एक नए घटनाक्रम में, पुलिस ने इस मामले के संबंध में जय कुमार नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हालिया गिरफ्तारी के साथ, अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।’

पुलिस ने घटना में कथित तौर पर शामिल दो और व्यक्तियों की पहचान की है, जिनकी उम्र 17 और 18 वर्ष है। दोनों ओखला के निवासी हैं और उनका आपराधिक रिकॉर्ड है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता पकड़े गए नाबालिग के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। वह एक रियल एस्टेट कारोबारी का बेटा है।

यह घटना 26 मई की शाम को तब घटी, जब साई अपनी 12वीं कक्षा की परीक्षा देने के बाद अपनी एक महिला मित्र के साथ अमर कॉलोनी के एक रेस्तरां गया था।

पीड़ित के परिवार के अनुसार, तीन लड़कों के एक समूह ने लड़की पर कथित तौर पर टिप्पणी की, जिसके कारण कहासुनी हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी मौके से चले गए और थोड़ी देर बाद एक युवक पिस्तौल लेकर लौटा और साई पर हमला करने के बाद उसकी कनपटी पर गोली मार दी।

साई के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उनका बेटा 12वीं की परीक्षा देकर दोस्तों के साथ बाहर गया था, तभी यह घटना घटी।

कुमार ने कहा, "आरोपियों ने पहले मेरे बेटे के साथ मौजूद एक लड़की के साथ बदसलूकी की। जब साई ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने उसके साथ भी दुर्व्यवहार किया। उसने टकराव से बचने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उसे गोली मार दी। तब से वह कोमा में था और अब उसकी मृत्यु हो गई।"

उन्होंने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, "आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर हम दिल्ली में सुरक्षित नहीं हैं, तो कहां सुरक्षित रहेंगे? मेरा बेटा बहुत अच्छा लड़का था। वह सिर्फ स्कूल और ट्यूशन जाता था, कहीं और नहीं। हमें अब तक ठीक से पता नहीं है कि कितने लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने बताया है कि पांच से छह लोग थे।"

पुलिस ने कहा कि संभवतः यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब आरोपियों में से एक पीड़ित की कुर्सी को टकराते हुए निकला।

घटना की सूचना रात करीब 7:50 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई और घायल किशोर को उसका दोस्त अस्पताल ले गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिया गया नाबालिग पिछले साल कालकाजी में हुई गोलीबारी की एक अन्य घटना में भी कथित तौर पर शामिल था। वह अमर कॉलोनी में खुद को एक राजनीतिक नेता का रिश्तेदार बताता था।

सूत्रों के अनुसार, नेता के नाम का दुरुपयोग करने के आरोप में दो महीने पहले उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज की गई थी।

साई अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और दक्षिण दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहता था।

रिश्तेदारों ने बताया कि उसके पिता चितरंजन पार्क इलाके में कपड़े धोने (लॉन्ड्री) की दुकान चलाते हैं।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24