Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था में फेरबदल: 40 से अधिक डॉक्टरों और अफसरों का स्थानांतरण

दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था में फेरबदल: 40 से अधिक डॉक्टरों और अफसरों का स्थानांतरण

IBC24 5 days ago

यी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली सरकार ने केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) के 40 से अधिक मेडिकल, पैरामेडिकल और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय खरीद एजेंसी (सीपीए) के इन कर्मियों का तबादला किया गया है।

गुप्ता ने कहा, "दिल्लीवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि सीपीए में एचओओ (कार्यालय प्रमुख) डॉ. विनोद कुमार रंगा समेत 10 डॉक्टरों का स्थानांतरण किया गया है और इसके अलावा पैरामेडिकल सेवाओं को मजबूत करने के लिए 20 कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है। इसमें फार्मासिस्ट, कनिष्ठ मेडिकल लैब टेक्नीशियन, लैब अटेंडेंट और चालक आदि शामिल हैं।

गुप्ता ने बताया, "प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने के लिए खंड अधिकारी, वरिष्ठ सहायक और कनिष्ठ सहायक स्तर के 10 कर्मचारियों का भी स्थानातंरण किया गया है। मानव संसाधनों की समीक्षा के दौरान सीपीए में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की स्थिति का भी आकलन किया गया है। साथ ही ऐसे कर्मचारियों की जानकारी भी संकलित की गई है जो सीपीए के वेतनमान पर हैं लेकिन अन्य कार्यालयों में कार्यरत हैं ताकि उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सके। इसके अलावा अन्य स्टाफ को भी सीपीए से हटाया गया है।"

बयान के मुताबिक, सीपीए दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सामग्रियों की खरीद एवं आपूर्ति का कार्य संचालित होता है। इस व्यवस्था को और अधिक सक्षम बनाने के लिए विभिन्न अस्पतालों और विभागों से अनुभवी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जोड़ा जा रहा है।

गुप्ता ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों से 12 चिकित्सा अधिकारियों को सीपीए में तैनात किया गया है जिनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी और सीएमओ स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इनकी तैनाती से खरीद, भंडारण, आपूर्ति और प्रशासनिक कार्यों को और मजबूती मिलेगी।

भाषा नोमान नोमान वैभव

वैभव

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24