Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
इंडिया ओपन की आलोचनाओं के बाद विश्व चैंपियनशिप स्थल में सुधार से बीडब्ल्यूएफ संतुष्ट

इंडिया ओपन की आलोचनाओं के बाद विश्व चैंपियनशिप स्थल में सुधार से बीडब्ल्यूएफ संतुष्ट

IBC24 1 day ago

यी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने बुधवार को विश्व चैंपियनशिप से पहले यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में किए गए व्यापक नवीनीकरण और सफाई कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि इस साल की शुरुआत में इंडिया ओपन के बाद सामने आईं ज्यादातर कमियों को दूर कर लिया गया है।

जनवरी में इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के दौरान इस स्थल को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था जब खिलाड़ियों और अधिकारियों ने खराब स्वच्छता, गंदे शौचालयों तथा परिसर के अंदर कबूतरों और बंदरों की मौजूदगी को लेकर शिकायत की थी।

बीडब्ल्यूएफ के प्रतियोगिता निदेशक (टूर्नामेंट संचालन) सेल्वमरेश सुप्रमणियम ने कहा कि विश्व संस्था ने पिछले सात महीनों में कई बार स्थल का निरीक्षण किया और इसमें काफी सुधार पाया।

सुप्रमणियम ने कहा, ''हमने जनवरी, फरवरी, अप्रैल, जून और फिर पिछले कुछ दिनों में स्टेडियम का दौरा किया। काफी काम किया गया है।''

उन्होंने कहा, ''सभी शौचालयों का नवीनीकरण किया गया है, बड़े स्तर पर सफाई हुई है, क्षतिग्रस्त सीटों को बदला गया है, सीलिंग और वायरिंग का काम किया गया है, छत के टूटे हुए हिस्सों को बदला गया है तथा छत पर वाटरप्रूफिंग की गई है।''

उन्होंने बताया कि एरेना के अंदर पक्षियों को बैठने से रोकने के लिए छत की बीम पर कीट-रोधी जेल लगाया गया है।

उन्होंने कहा, ''छत पर जेल लगाने का काम पूरा हो गया है। यह जेल पक्षियों को बीम पर बैठने से रोकता है, जैसा कि हवाई अड्डों के आसपास इस्तेमाल किया जाता है।''

सुप्रमणियम ने कहा कि इंडिया ओपन के दौरान की स्थिति की तुलना में अब यह स्थल काफी बेहतर स्थिति में है। हालांकि 17 अगस्त को टूर्नामेंट शुरू होने तक सफाई का काम जारी रहेगा।

उन्होंने कहा, ''हम खुश हैं, लेकिन अगले कुछ दिनों तक सफाई कार्य की निगरानी जारी रखनी होगी। स्वाभाविक रूप से काफी कर्मचारी अंदर-बाहर आते-जाते रहेंगे। बारिश के कारण गंदगी होना तय है। हमें लगातार सफाई करते रहना होगा।''

स्थल पर आवारा जानवरों और पक्षियों को लेकर उठी चिंताओं पर उन्होंने कहा कि स्थिति में काफी सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा, ''पिछले तीन दिन से जब मैं वहां था तो मैंने कोई कबूतर नहीं देखा। मुझे नहीं पता कि ऐसा इसलिए है क्योंकि वहां काफी लोग मौजूद हैं या फिर जेल वास्तव में अपना काम कर रहा है। मैंने कोई बंदर भी नहीं देखा।''

उन्होंने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने भी परिसर से आवारा कुत्तों को हटाने के लिए कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा, ''मेरी जानकारी के अनुसार 60 से अधिक कुत्तों को पकड़कर वहां से हटाया गया है। अब भी कुछ कुत्ते हैं लेकिन उन्हें भरोसा है कि उन्हें भी हटा दिया जाएगा।''

सुप्रमणियम ने कहा कि इंडिया ओपन के दौरान आलोचना का सामना करने वाली टूर्नामेंट प्रस्तुति, विशेषकर रोशनी व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''अगर आपको याद हो तो इंडिया ओपन के दौरान रोशनी उम्मीदों के अनुरूप नहीं थी। हम इस पर काम कर रहे हैं। बीएआई ने इंडोनेशिया के सलाहकारों को लाने पर सहमति जताई है जिन्होंने इंडोनेशिया ओपन और इंडोनेशिया मास्टर्स पर काम किया है।''

हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राथमिकता प्रतियोगिता को सुचारू रूप से आयोजित कराना है।

उन्होंने कहा, ''हमारा मुख्य ध्यान अब भी ऐसा टूर्नामेंट आयोजित करने पर है जिसमें कोई समस्या नहीं हो। प्रतियोगिता सबसे पहले है। बाकी सब दिखावे का हिस्सा है।''

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24