Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
कमाली मूर्ति ने इंडियन ओपन सर्फिंग में दोहरा खिताब जीता

कमाली मूर्ति ने इंडियन ओपन सर्फिंग में दोहरा खिताब जीता

IBC24 6 days ago

मंगलुरू, 31 मई (भाषा) आगामी एशियाई खेलों के लिए भारत का सर्फिंग कोटा हासिल करने वाली तमिलनाडु की प्रतिभाशाली किशोरी कमाली मूर्ति ने रविवार को यहां आयोजित सातवें एनएमपीए इंडियन ओपन ऑफ सर्फिंग के फाइनल में महिला ओपन और सर्फिंग जूनियर अंडर-18 बालिका दोनों खिताब जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।

यह चैंपियनशिप राष्ट्रीय सर्फिंग कैलेंडर के प्रमुख आयोजनों में से एक है और इस वर्ष के अंत में जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम के चयन में इसकी अहम भूमिका होगी।

तमिलनाडु के एक अन्य होनहार सर्फर किशोर कुमार ने पुरुष ओपन वर्ग में जीत हासिल की, जबकि स्थानीय खिलाड़ी प्रदीप पुजार ने सर्फिंग जूनियर्स अंडर-18 बालक वर्ग का खिताब जीतकर कर्नाटक के लिए एकमात्र खिताब अपने नाम किया।

हरीश पी और धमयंती श्रीराम ने भी क्रमशः अंडर-14 बालक (ग्रोम्स) और अंडर-14 बालिका (ग्रोम्स) श्रेणियों में जीत दर्ज की।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय सर्फिंग टीम का चयन इस प्रतियोगिता के अलावा इंडियन ओपन, पहले अंडमान लिटिल प्रो 2026, कोचिंग शिविर, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन और समग्र रैंकिंग के परिणामों के आधार पर किया जाएगा।

कमाली ने शानदार वापसी करते हुए अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया और 13.17 के स्कोर के साथ महिला ओपन वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया।

शुगर शांति बनारसे 11.73 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सृष्टि सेल्वम 8.50 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

तमिलनाडु के किशोर कुमार ने 15.20 के स्कोर के साथ पुरुष ओपन वर्ग का खिताब जीतकर उम्मीदों पर खरा उतरते हुए जीत हासिल की।

कठिन फाइनल में उन्होंने रमेश बुदिहाल (12.87), शिवराज बाबू (11.90) और श्रीकांत डी (9.93) को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24