Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
कानपुर में एक दुकान पर स्लैब धंसने के कारण बीएड के 20 से अधिक अभ्यर्थी नाले में गिरे

कानपुर में एक दुकान पर स्लैब धंसने के कारण बीएड के 20 से अधिक अभ्यर्थी नाले में गिरे

IBC24 4 months ago

कानपुर (उप्र), 31 मई (भाषा) कानपुर में रविवार सुबह उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा देने पहुंचे 20 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के बाहर कंक्रीट की जर्जर स्लैब अचानक धंसने के कारण सीवेज नाले में गिर गए।

पुलिस ने यह जानकारी दी।

घटना मैकरॉबर्टगंज में स्थित एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज के पास हुई, जहां अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए पास की एक दुकान पर एकत्र हुए थे।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाले को ढकने वाली पुरानी कंक्रीट स्लैब भीड़ का भार नहीं सह सकी और धंस गई, जिससे करीब 20 से 25 अभ्यर्थी सीवेज से भरे नाले में जा गिरे।

इस हादसे में चार अभ्यर्थियों को मामूली चोट आईं, जबकि कई अन्य के कपड़े, किताबें, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेज खराब हो गए।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि अभ्यर्थी नगर निगम बाजार क्षेत्र में स्थित एक दुकान पर जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने गए थे।

उन्होंने कहा, "अत्यधिक भीड़ के कारण नाले की पुरानी स्लैब धंस गई। कुछ लोगों को मामूली चोट आई हैं, लेकिन किसी की जान नहीं गई है।"

उन्होंने बताया कि घायलों की सहायता की गई और बाद में अभ्यर्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार, एक घायल अभिभावक को अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय निवासियों और अन्य अभ्यर्थियों ने मौके पर पहुंचकर नाले में गिरे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद अभ्यर्थियों और उनके परिजन ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर निकाय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रमुख परीक्षा केंद्र के आसपास सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की खराब स्थिति पर चिंता जताई।

घटना में प्रभावित हुई अभ्यर्थी की मां शालू शुक्ला ने कहा कि घटना के बाद उनकी बेटी ने उन्हें फोन किया और वह घबराई हुई थी।

उन्होंने कहा, "उसने रोते हुए बताया कि वह नाले में गिर गई है। उसके कपड़े खराब हो गए थे और वह बेहद डरी हुई थी। यह सब लापरवाही की वजह से हुआ।"

नौबस्ता के हंसपुरम की निवासी अभ्यर्थी खुशी ने दावा किया कि अभ्यर्थियों को अंतिम समय में बताया गया कि आधार कार्ड की फोटोकॉपी भी जरूरी है, जिसके कारण आसपास की दुकानों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी।

उसने कहा, "बहुत ज्यादा भीड़ थी और अचानक स्लैब टूट गया। करीब 20 से 25 लोग नाले में गिर गए।"

अपनी बहन के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे अमित ने बताया कि स्लैब धंसने से उन्हें चोट लगी।

उन्होंने कहा, "मेरे घुटने में खरोंच आई और हाथ में भी चोट लगी।"

पुलिस ने बताया कि इस व्यवधान के बावजूद शहर के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बीएड प्रवेश परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न हुई।

भाषा सं आनन्द जोहेब

जोहेब

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24