Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
नीट के मामले पर छात्रों को गुमराह कर रहे हैं राहुल : चुघ

नीट के मामले पर छात्रों को गुमराह कर रहे हैं राहुल : चुघ

IBC24 2 weeks ago

यी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी नीट मुद्दे पर छात्रों की चिंताओं का समाधान करने के बजाय उन्हें गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

चुघ ने यह भी कहा कि भारत और सनातन के खिलाफ टिप्पणी करना राहुल गांधी की आदत बन चुकी है।

भाजपा नेता की यह टिप्पणी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस आरोप के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की ज्यादती और ''फायरिंग'' के लिए जिम्मेदार हैं। इस मुद्दे को लेकर सत्तापक्ष ने उनपर पलटवार किया और कहा कि उन्हें (राहुल को) माफी मांगनी चाहिए।

चुघ ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ''राहुल गांधी को छात्रों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने छात्रों के भविष्य पर राजनीति करने का तुच्छ प्रयास किया है। उन्होंने छात्रों की वास्तविक समस्याओं के समाधान पर एक शब्द भी नहीं कहा। इसके बजाय उन्होंने केवल भ्रम फैलाने और मुद्दे को उलझाने का प्रयास किया।''

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश और विदेश, दोनों जगह, भारत और सनातन के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार करते हैं और इसके लिए उन्हें (कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को) देश से माफी मांगनी चाहिए।

चुघ ने कहा, ''विदेशी टूलकिट का हिस्सा बनकर वह सनातन, हिंदू धर्म, भारत और उसकी संस्थाओं का अपमान करते हैं। यह उनकी आदत बन गई है। उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।''

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भदोही का नाम बदलकर संत रविदास नगर किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए चुघ ने इसे संत गुरु रविदास के प्रति उचित सम्मान बताया।

चुघ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार ने पहले संत रविदास नगर का नाम हटाकर संत रविदास और उनके अनुयायियों का अपमान किया था।

भाषा हक हक सुरेश

सुरेश

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24