Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
ओडिशा सरकार ने गंभीर रूप से कम वजन वाले बच्चों के लिए पोषण भत्ता 4 रुपये प्रतिदिन बढ़ाया

ओडिशा सरकार ने गंभीर रूप से कम वजन वाले बच्चों के लिए पोषण भत्ता 4 रुपये प्रतिदिन बढ़ाया

IBC24 2 weeks ago

भुवनेश्वर, दो जून (भाषा) ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने मंगलवार को गंभीर रूप से कम वजन वाले बच्चों के लिए पोषण सहायता राशि 14 रुपये से बढ़ाकर 18 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की।

महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रभार संभाल रहीं परिदा ने आंगनवाड़ी केंद्रों में जाने वाले प्री-स्कूल (स्कूली शिक्षा से पूर्व) के बच्चों के नाश्ते के आवंटन में भी बढ़ोतरी की घोषणा की।

अधिकारियों ने बताया कि छह महीने से छह साल की उम्र के गंभीर रूप से कम वजन वाले बच्चों को दिए जाने वाले पूरक पोषण की दैनिक लागत 8 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा, ‘मुख्यमंत्री संपूर्ण पुष्टि योजना’ के तहत प्रति बच्चा छह रुपये प्रतिदिन दिए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप, अब इन बच्चों को कुल 18 रुपये प्रतिदिन का पोषण मिलेगा।

इस बढ़ोतरी से ओडिशा भर के लगभग 35,000 गंभीर रूप से कम वजन वाले बच्चों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इस पहल के लिए राज्य सरकार लगभग 10.7 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक खर्च वहन करेगी।

इसी तरह, आंगनवाड़ी केंद्रों में प्री-स्कूल के बच्चों (3 से 6 वर्ष) को दिए जाने वाले नाश्ते का दैनिक आवंटन 1.24 रुपये से बढ़ाकर 3.56 रुपये कर दिया गया है। इस वृद्धि के लिए राज्य सरकार अपने बजट से लगभग 126.83 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक खर्च वहन करेगी।

उपमुख्यमंत्री परिदा ने इस अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में बच्चे के जीवन के पहले 1,000 दिनों के महत्व को समझाने वाली एक सरल डिजिटल पुस्तिका का भी विमोचन किया।

भाषा सुमित माधव

माधव

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24