Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पटियाला: कांग्रेस के कार्यक्रम में भूपेश बघेल और वडिंग की मौजूदगी में चन्नी के समर्थन में नारेबाजी

पटियाला: कांग्रेस के कार्यक्रम में भूपेश बघेल और वडिंग की मौजूदगी में चन्नी के समर्थन में नारेबाजी

IBC24 2 weeks ago

टियाला, एक अगस्त (भाषा) पटियाला में कांग्रेस की जिला इकाई के एक कार्यक्रम के दौरान शनिवार को उस समय हंगामा देखने को मिला, जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

यह नारेबाजी कांग्रेस के पंजाब प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल की उपस्थिति में हुई, जिन्होंने शुक्रवार को ही प्रदेश इकाई में किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार किया था।

पार्टी के 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम में सांसद अमर सिंह और ब्रह्म मोहिंद्रा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

जैसे ही वडिंग ने अपना भाषण शुरू किया, चन्नी के समर्थकों ने 'चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद', 'चन्नी तेरी सोच ते पहरा देवांगे ठोक के' और 'चन्नी लाओ, पंजाब बचाओ' जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए, जिससे कार्यक्रम कुछ देर के लिए बाधित हो गया।

वडिंग ने कार्यकर्ताओं से बार-बार अनुशासन बनाए रखने और बैठक जारी रखने की अपील की। हालांकि, उनके अनुरोध के बावजूद नारेबाजी कुछ देर तक जारी रही, जिसके बाद ही कार्यक्रम फिर से शुरू हो सका।

बघेल सहित वरिष्ठ नेता इस पूरे घटनाक्रम को देखते रहे, जबकि अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत कराने का प्रयास किया।

यह घटना कांग्रेस की प्रदेश इकाई के भीतर जारी गुटबाजी को उजागर करती है, हालांकि पार्टी नेतृत्व लगातार यह दावा करता रहा है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक एकता को मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।

समाना से आए कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कहा कि पंजाब में इस समय जनता का समर्थन कांग्रेस के पक्ष में है, लेकिन चेतावनी दी कि संगठनात्मक निर्णय लेते समय पार्टी कार्यकर्ताओं की इच्छाओं की अनदेखी करना भारी पड़ सकता है।

नाभा से आए पार्टी कार्यकर्ता संजीव कुमार ने कहा कि कांग्रेस को पंजाब में और अधिक ''प्रयोगों'' से बचना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि अतीत में लिए गए ऐसे ही फैसलों ने पार्टी की चुनावी संभावनाओं को नुकसान पहुंचाया था।

इससे पहले शुक्रवार को फतेहगढ़ साहिब में बघेल ने प्रदेश इकाई में किसी भी गुटबाजी को खारिज करते हुए दावा किया था कि मीडिया और कुछ लोग अंदरूनी कलह की धारणा बना रहे हैं।

पार्टी में असंतोष की सुगबुगाहट तब शुरू हुई जब कांग्रेस ने वडिंग को पंजाब इकाई के अध्यक्ष पद पर बनाए रखने का फैसला किया और जालंधर से सांसद चन्नी को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24