Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
राजस्थान: राज्यसभा की तीन सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू

राजस्थान: राज्यसभा की तीन सीट के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू

IBC24 4 months ago

जयपुर, एक जून (भाषा) राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव की प्रकिया सोमवार से शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया राज्य में सोमवार से शुरू हो गई और राजस्थान से राज्यसभा के लिए तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन आठ जून तक किये जा सकते है, नामांकन पत्रों की जांच नौ जून को होगी जबकि 11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

जरूरी होने पर मतदान 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा जबकि मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।

चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी हो जाएगी।

राज्य से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है, जिसके मद्देनजर यह द्विवार्षिक चुनाव करवाया जाएगा।

जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें कांग्रेस के नीरज डांगी और भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र गहलोत व रवनीत सिंह हैं।

राजस्थान में राज्यसभा की कुल 10 सीट हैं।

राजस्थान से फिलहाल भाजपा और कांग्रेस के पांच-पांच सदस्य हैं।

राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में पार्टियों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भाजपा के तीन में से दो सीट जीतने की उम्मीद है जबकि कांग्रेस को एक सीट मिलने की संभावना है।

राज्य विधानसभा में भाजपा के 118 विधायक और कांग्रेस के 67 सदस्य हैं।

इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के दो विधायक, भारत आदिवासी पार्टी के चार विधायक, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक है।

सदन में आठ निर्दलीय विधायक भी हैं।

भाषा पृथ्वी

जितेंद्र

जितेंद्र

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24