Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
संगठनात्मक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए तमिलनाडु आएंगे राहुल गांधी

संगठनात्मक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए तमिलनाडु आएंगे राहुल गांधी

IBC24 1 week ago

चेन्नई, एक अगस्त (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के कार्यक्रम 'संगठन सृजन अभियान' के तहत पदाधिकारियों से संवाद करने के लिए शनिवार को तमिलनाडु आएंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं तमिलनाडु प्रभारी गुलाम अहमद मीर और तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर (23 जुलाई से 1 अगस्त) के समापन अवसर पर नजदीकी मामल्लपुरम में पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।

राहुल के शनिवार को दिन में करीब 11 बजे चेन्नई पहुंचने की संभावना है। मामल्लपुरम में आयोजित पार्टी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे और शाम छह बजे चेन्नई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

डीसीसी अध्यक्षों के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर 'संगठन सृजन अभियान' के तहत जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक पहल है।

यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से मुलाकात करेंगे, टैगोर ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी का चेन्नई दौरा पूरी तरह संगठनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित है।

कांग्रेस, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में शामिल है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ''यह पूरी तरह से एक संगठनात्मक बैठक है।''

ऐसे कार्यक्रमों के दौरान राहुल गांधी भविष्य की योजनाओं और संगठन पर चर्चा करने के लिए प्रत्येक राज्य में जिला अध्यक्षों के साथ लगभग छह घंटे का समय बिताते हैं।

गुलाम अहमद मीर ने कहा, ''राहुल गांधी डीसीसी अध्यक्षों और उनके परिवारों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इसलिए, जमीनी स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने के दृष्टिकोण से यह बेहद महत्वपूर्ण है… हमारे राष्ट्रीय नेता शहर से रवाना होने से पहले कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।''

भाषा खारी रंजन

रंजन

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24