Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सूरत के पास महाराष्ट्र की दो सरकारी बसों की टक्कर में 7 लोगों की मौत, 40 घायल

सूरत के पास महाराष्ट्र की दो सरकारी बसों की टक्कर में 7 लोगों की मौत, 40 घायल

IBC24 4 months ago

सूरत, दो जून (भाषा) गुजरात के सूरत जिले के बारडोली कस्बे के पास महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो बसों की मंगलवार को हुई टक्कर में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और करीब 40 अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बारडोली तालुका के उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर हुई दुर्घटना के बाद एक बस पलट गई और उसमें आग लग गई। यह मार्ग महाराष्ट्र को गुजरात से जोड़ता है।

सूरत जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि एक बस सूरत से धुले जा रही थी, जबकि दूसरी बस महाराष्ट्र के चालीसगांव से सूरत की ओर आ रही थी।

गढ़िया ने कहा, "बारडोली से व्यारा जाने वाले राजमार्ग पर, महाराष्ट्र जा रही एक बस ने एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने के बाद, बस डिवाइडर को पार कर गई और महाराष्ट्र की तरफ से आ रही दूसरी बस से टकरा गई, जिससे वह पलट गयी और सड़क के किनारे एक निचले इलाके में जा गिरी। बस में आग लग गई।"

उन्होंने कहा कि पुलिस, दमकल विभाग और सूरत तथा पड़ोसी तापी जिले के अधिकारियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा, "हमने बस में फंसे कई यात्रियों को बचाया और घायलों को बारडोली अस्पताल पहुंचाया। दोनों बसों में सवार लगभग 40 लोग घायल हुए, जबकि सात लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक उस बस में सवार थे जिसमें आग लगी थी।"

भाषा प्रशांत माधव

माधव

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24