Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने काले रंग के पीछे का 'रहस्य' उजागर किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने काले रंग के पीछे का 'रहस्य' उजागर किया

IBC24 2 weeks ago

(फोटो के साथ)

तिरुचिरापल्ली, एक जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को सवाल किया कि क्या ब्लेजर पहनना केवल ''प्रभावशाली लोगों'' का अधिकार है और कहा कि उनके पहनावे में काले रंग का प्रतीकात्मक महत्व है।

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद अपने पहली रैली में विजय ने तिरुचि-पूर्व विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस सीट से जीत हासिल की थी, लेकिन पेरम्बूर सीट रखने के लिए तिरुचि-पूर्व सीट से इस्तीफा दे दिया।

अपने कार्यक्रमों में ब्लेजर तथा सफेद और काले रंग के वस्त्र पहनने को लेकर की जा रही टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए विजय ने कहा कि इस विषय पर लगातार चर्चा हो रही है।

तमिलनाडु में आमतौर पर नेता सफेद कमीज और धोती पहनते हैं।

विजय ने सवाल किया, ''क्यों? क्या हम सभी को कोट और सूट नहीं पहनना चाहिए? क्या यह केवल सत्ता में बैठे लोगों के लिए है या केवल प्रभावशाली वर्गों के लिए?''

उन्होंने कहा कि उनका काला ब्लेजर और सफेद कमीज पहनना इस बात का प्रतीक है कि विजय हर मामले में ''ब्लैक एंड व्हाइट'' यानी पूरी पारदर्शिता और स्पष्टता के साथ काम करेंगे।

मुख्यमंत्री ने इस बारे में विस्तार से बताए बिना यह भी कहा कि लोग यह भी समझते हैं कि काले रंग का क्या अर्थ है।

तमिलनाडु में लगभग एक सदी पहले द्रविड़ आंदोलन के उदय के साथ काला रंग उत्पीड़न के खिलाफ प्रतिरोध, आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय और समानतावादी आदर्शों के प्रति निष्ठा का प्रतीक माना जाता रहा है।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के उनके ''मौन मोड'' में रहने के आरोप को खारिज करते हुए विजय ने कहा कि वह हर बात का स्पष्टीकरण नहीं देते और न ही लगातार बोलते रहते हैं।

उन्होंने कहा, ''मैंने सभी सार्वजनिक सभाओं में अधिकतम 20 मिनट तक ही भाषण दिया है।''

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) प्रमुख ने कहा कि लोग उनसे जनकल्याण के लिए अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने को कह रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों ने उनसे यह भी कहा है कि उनकी आलोचना करने वालों से वे निपट लेंगे।

हालांकि, विजय ने कहा कि इसका अर्थ यह नहीं है कि उनके कोई राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नहीं हैं।

उन्होंने फिर कहा कि तमिलनाडु में वास्तविक राजनीतिक मुकाबला केवल टीवीके और द्रमुक के बीच है।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: IBC24