Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
आंखों में झोंका मिर्च पाउडर, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार.संपत्ति के लिए हैवान बनी बहू ने ससुर को ऐसे उतारा मौत के घाट

आंखों में झोंका मिर्च पाउडर, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार.संपत्ति के लिए हैवान बनी बहू ने ससुर को ऐसे उतारा मौत के घाट

Maharajganj Murder Case: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद के चलते एक बहू पर अपने ससुर की हत्या करने का आरोप लगा है.

जांच में सामने आया है कि पहले बुजुर्ग की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका गया, फिर साथियों के साथ मिलकर फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई. इतना ही नहीं, वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाकर सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई. पुलिस ने घटना के महज चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

यह मामला फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव का है. मृतक की पहचान सच्चाराम गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक उनके दो बेटे हैं और परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. जांच के अनुसार, बड़ी बहू शोभा गुप्ता चाहती थी कि ससुर अपनी संपत्ति उसके नाम कर दें, जबकि सच्चाराम दोनों बेटों को बराबर हिस्सा देने के पक्ष में थे. इसी बात को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था. मामला दीवानी अदालत तक भी पहुंचा था, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हो सका.

बातचीत के बहाने बुलाया, रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपियों ने सच्चाराम गुप्ता को संपत्ति के बंटवारे पर बातचीत के बहाने घर बुलाया. वहां पहले से रमेश गुप्ता और एक कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे. पुलिस का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर बहू ने ससुर की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. आंखों में तेज जलन होने के कारण वह जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद अन्य आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से उनके सिर पर कई वार किए गए. गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की भी हुई कोशिश

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को दुर्घटना या सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की. जांच में सामने आया कि कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव ने बुजुर्ग को मृत घोषित किया और इसके बाद सभी रात होने का इंतजार करने लगे. आरोप है कि बाद में श्रीकांत चौहान नामक व्यक्ति को भी बुलाया गया. इसके बाद शव का चेहरा कपड़े से बांधा गया और उसे घसीटकर घर के बाहर स्थित खाली प्लॉट में फेंक दिया गया, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें और किसी पर शक न जाए.

चार घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला

घटना की सूचना मिलते ही फरेंदा थाना पुलिस सक्रिय हो गई. महाराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की और महज चार घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी बहू सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में संपत्ति विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़े का लकड़ी वाला डंडा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी तथा इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: In Khabar chattisagadh