Delhi Premier League 2026: दिल्ली प्रीमियर लीग (2026) में आए दिन एक के बाद एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. सीजन के पहले मैच में अनुज रावत ने तूफानी शतक लगाया था. इसके बाद दूसरे ही मैच में 25 साल के तेज गेंदबाज अंशुमन हुड्डा (Anshuman Hooda) ने अपना कहर बरपाया है.
आयुष बदोनी की कप्तानी वाली साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की ओर से खेलते हुए अंशुमन ने सिर्फ 19 गेंदों में 5 विकेट हासिल किए. उनकी घातक गेंदबाजी के दम पर आयुष बदोनी की टीम ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 4 विकेट से हरा दिया. अंशुमन की बेहतरीन गेंदबाजी के सामने ईस्ट राइडर्स की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई. अंशुमन ने इस मुकाबले में 3.1 ओवर गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 24 रन दिए और 5 विकेट चटकाए.
कैसा रहा दूसरा मुकाबला?
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में 165 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज अर्पित राणा ने 39 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली. उनके अलावा काव्य गुप्ता ने भी 37 रनों की पारी खेली, जबकि ध्रुव कौशिक ने 20 रन बनाए. वहीं, साउथ दिल्ली की ओर से गेंदबाजी करते हुए अंशुमन ने सिर्फ 3.1 ओवर में ही 24 रन देकर 5 बल्लेबाजों को आउट किया. वहीं, कप्तान आयुष बडोनी ने भी 2 विकेट लिए, जबकि अमन भारती और अंकित डबास ने एक-एक विकेट चटकाए.
: DPL 2026 का धमाकेदार आगाज, ओपनिंग मैच में गिल के साथी ने ठोका तूफानी शतक, फिर भी हार गई टीम
साउथ दिल्ली ने जीता मैच
ईस्ट दिल्ली ने 166 रनों का पीछा करते हुए 11 गेंद बाकी रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया. ईस्ट दिल्ली के सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन अनमोल शर्मा ने 36 गेंदों पर 64 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उनके अलावा करण गर्ग ने 27 रन बनाए, जबकि प्रणव पंत ने 24 रनों की पारी खेली. वहीं, कप्तान आयुष बदोनी के बल्ले से भी 23 रन आए. इसके दम पर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 4 विकेट से मैच जीत लिया.

