Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
जेमिमा रोड्रिग्स ने पाकिस्तानी प्लेयर को लगाया गले, सोशल मीडिया पर मचा बवाल! देखें वीडियो

जेमिमा रोड्रिग्स ने पाकिस्तानी प्लेयर को लगाया गले, सोशल मीडिया पर मचा बवाल! देखें वीडियो

भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना का द हंड्रेड टूर्नामेंट के एक मुकाबले के बाद गले मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. मैच खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर खेल भावना को पेश किया.

हालांकि भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव को देखते हुए इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कुछ लोगों ने दोनों खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की, जबकि कुछ ने इस पर सवाल भी उठाए.

हाल के सालों में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच सार्वजनिक तौर पर दोस्ताना व्यवहार कम ही देखने को मिला है. ऐसे में जेमिमा और फातिमा का यह पल चर्चा का विषय बन गया. इससे पहले ऐसी भी खबरें सामने आई थीं कि द हंड्रेड में भारतीय निवेशकों वाली टीमों के कारण पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मौका मिलने में परेशानी हो सकती है. हालांकि बाद में इन अटकलों पर विराम लग गया और कई देशों के खिलाड़ियों ने एक साथ इस लीग में हिस्सा लिया.


सदर्न ब्रेव ने दर्ज की लगातार चौथी जीत

मैच की बात करें तो सदर्न ब्रेव ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 140 रन बनाए. टीम के लिए लिजेल ली ने 43 और माया बाउचियर ने 45 रन की शानदार पारी खेली. इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने सिर्फ 18 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. दूसरी ओर फातिमा सना गेंदबाजी में ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं और अपने स्पेल में 33 रन खर्च किए.


बर्मिंघम फीनिक्स की चौथी लगातार हार

141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बर्मिंघम फीनिक्स की शुरुआत अच्छी रही. डेविना पेरिन ने 43 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि टैमी ब्यूमोंट ने 22 रन का योगदान दिया. लेकिन शुरुआती साझेदारी टूटने के बाद टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई. सोफी मोलिन्यू ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए, जबकि लॉरेन बेल और सारा ग्लेन ने भी अहम सफलता दिलाई. अंत में बर्मिंघम फीनिक्स 5 विकेट पर 116 रन ही बना सकी और उसे 24 रन से हार का सामना करना पड़ा. इस जीत के साथ सदर्न ब्रेव ने लगातार चौथी जीत दर्ज कर अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: In Khabar chattisagadh