झारखंड के साहिबगंज जिले में पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार (22) को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के मुताबिक, अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी बर्दवान थाना में दर्ज कांड संख्या 1096/26 के तहत की गई है. जांच एजेंसियों का दावा है कि वह हमीम मंडल से जुड़े संदिग्ध मॉड्यूल के संपर्क में थी. अब यह पता लगाया जा रहा है कि उसकी भूमिका केवल संपर्क तक सीमित थी या वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा भी थी. STF अधिकारियों के अनुसार, अर्पिता को शनिवार को बर्दवान पुलिस स्टेशन लाया जाएगा. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अदालत में पेश किया जाएगा और विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी की मांग की जाएगी.
गौरतलब है कि इस मामले के मुख्य आरोपी हमीम मंडल को पश्चिम बंगाल पुलिस पहले ही बर्दवान से गिरफ्तार कर चुकी है. अब अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी को जांच में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां उसके मोबाइल, संपर्कों और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं ताकि मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है. हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक अर्पिता सरकार के खिलाफ आरोपों को अदालत में साबित नहीं किया है. उसकी गिरफ्तारी के बाद अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि संदिग्ध नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा था और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही.

