Nainital Viral Video: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र से छेड़छाड़ के आरोप से जुड़ा एक मामला सामने आया है. यहां बाहरी इलाके से आए दो युवकों पर गांव की युवतियों का पीछा करने, अभद्रता करने और फब्तियां कसने का आरोप लगा है.
आरोप है कि जब युवकों की हरकतें लगातार बढ़ती गईं तो युवतियों ने चुप रहने के बजाय उनका विरोध किया. बीच सड़क दोनों युवकों को रोक लिया गया, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
स्कूल और बाजार जा रही थीं युवतियां
जानकारी के अनुसार, यह घटना नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर इलाके की है. शनिवार सुबह गांव की कुछ युवतियां स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं. आरोप है कि इसी दौरान बाहरी क्षेत्र से आए दो युवक उनका पीछा करने लगे और रास्ते भर उन पर अशोभनीय टिप्पणियां करते रहे. बताया जा रहा है कि शुरुआत में युवतियों ने इन हरकतों को नजरअंदाज किया, लेकिन जब कथित अभद्रता लगातार जारी रही तो उन्होंने विरोध करने का फैसला किया.
बीच सड़क रोका, फिर जुट गई भीड़
आरोप है कि युवतियों ने दोनों युवकों को बीच सड़क रोक लिया. कुछ ही देर में वहां शोर-शराबा होने लगा और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद दोनों युवकों की पिटाई की गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि युवकों का मुंह भी काला किया गया और उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है.
मोबाइल में कैद हुई पूरी घटना, सोशल मीडिया पर वायरल
घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई लोग युवतियों के साहस की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
शिकायत और जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले की जानकारी पुलिस तक भी पहुंच चुकी है. पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. यदि किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दी जाती है, तो उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है.
वायरल वीडियो के बाद बढ़ी चर्चा
घटना के बाद इलाके में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है. वायरल वीडियो के चलते मामला सोशल मीडिया पर भी सुर्खियों में है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

