Kuldeep Yadav vs Ben Stokes: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी वनडे कप में धमाल मचा रहे हैं. कुलदीप यादव वनडे कप में यॉर्कशायर की ओर से खेलते हुए 4 मैचों में 8 विकेट चटका चुके हैं.
उन्होंने अपने पिछले मैच में डरहम के खिलाफ 10 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. इसमें सबसे बड़ा विकेट इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स का रहा. कुलदीप यादव ने बेहद शानदार तरीके से बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को अपने जाल में फंसाया. कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी के सामने बेन स्टोक्स बेबस नजर आए. उन्होंने कुलदीप के सामने 10 गेंदों पर सिर्फ 2 रन बनाए, जबकि वे इस टूर्नामेंट में अभी तक 3 मैचों में एक शतक और 1 अर्धशतक लगा चुके थे.
कुलदीप यादव के आगे ढेर हुए स्टोक्स!
कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) की फिरकी गेंदबाजी का बेन स्टोक्स के पास कोई जवाब नहीं था. उन्होंने कुलदीप की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने की कोशिश की लेकिन कैच आउट हो गए. वह 39 गेंदों पर सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हुए. कुलदीप यादव ने जिस तरह चालाकी से बेन स्टोक्स को आउट किया, उसकी जमकर तारीफ हो रही है. इसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. नीचे देखें वीडियो…
कैसा रहा मुकाबला?
मैच की बात करें, तो इस मुकाबले में यॉर्कशायर ने डरहम को 7 विकेट से हराया. डरहम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.1 ओवर में 165 रन ही बनाए थे. डरहम के लिए विल रोड्स ने सबसे ज्यादा 31 रन बनाए, जबकि कॉलिन एकरमैन ने 26 रनों की पारी खेली. डरहम की हालत खराब रही कि टॉप-3 में कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाया.
इसके जवाब में उतरी यॉर्कशायर की शुरुआत भी खराब रही. यॉर्कशायर के दोनों ओपनर फ्लॉप रहे. इसके बाद जेम्स व्हार्टन ने पारी को संभाला. उन्होंने 122 गेंदों पर नाबाद 68 रनों की पारी खेली. इसके अलावा सैम वाइटमैन भी 52 रन बनाकर नाबाद रहे. इसके दम पर यॉर्कशायर ने 41 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया.
कुलदीप को टीम इंडिया में नहीं मिला चांस?
कुलदीप यादव शानदार फॉर्म में चल रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में मौका नहीं दिया जा रहा है. हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर खेली गई वनडे सीरीज में कुलदीप को भारतीय टीम के प्लेइंग-11 में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी बहस हुई.

