यह रिकॉर्ड अब भी पाकिस्तान के हसन रजा के नाम दर्ज है. उन्होंने अक्टूबर 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच खेलकर फुल मेंबर देश के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू किया था. वहीं, सभी देशों को मिलाकर देखें तो रोमानिया के मारियन घेरासिम सबसे कम उम्र में मेंस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने केवल 14 साल और 16 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था. वह आज भी सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले प्लेयर हैं.
हसन रजा का करियर उम्मीदों पर नहीं उतर सका
हसन रजा पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 13,949 रन बनाए और 36 शतक भी लगाए. लेकिन घरेलू क्रिकेट की सफलता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं दोहरा सके. उन्होंने 1996 से 2005 के बीच सिर्फ 7 टेस्ट और 16 वनडे मैच खेले. खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया. बाद में 2007 में उन्होंने इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) खेली, जिससे उनकी वापसी की उम्मीदें भी खत्म हो गईं. साल 2018 में एक स्टिंग ऑपरेशन में उनका नाम कथित पिच फिक्सिंग मामले से भी जुड़ा, हालांकि उन्होंने किसी भी गलत काम में शामिल होने से इनकार किया.
सज्जिदा शाह ने 12 साल की उम्र में किया डेब्यू
12 साल में महिला क्रिकेट में डेब्यू करने वाली सज्जिदा शाह ने पाकिस्तान के लिए दो टेस्ट, 60 वनडे और 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले. साल 2003 में उन्होंने जापान के खिलाफ वनडे मैच में 7 विकेट देकर सिर्फ 4 रन खर्च किए थे. यह प्रदर्शन आज भी महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रिकॉर्ड माना जाता है. शानदार शुरुआत के बावजूद उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं चला. उन्होंने 2010 में केवल 22 साल की उम्र में पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मुकाबला खेला. इसके बाद वह पेशेवर क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास ले चुकी हैं.

