Dailyhunt
'आप अपनी एक पार्टी बनाएं', AAP से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा के सपोर्ट में उतरीं खुशबू पटानी, जानें पूरा मामला

'आप अपनी एक पार्टी बनाएं', AAP से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा के सपोर्ट में उतरीं खुशबू पटानी, जानें पूरा मामला

India Daily 1 week ago

मुंबई: आम आदमी पार्टी से जुड़े ताजा विवाद ने राजनीति में हलचल मचा दी है. राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता पद से हटाए जाने के बाद अब यह मुद्दा सोशल मीडिया पर भी छा गया है. इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक में चर्चा को तेज कर दिया है.

इस विवाद के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी की बहन खुशबू पटानी ने खुलकर राघव चड्ढा का समर्थन किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर कमेंट करते हुए लिखा कि राघव एक पढ़े लिखे और सुलझे हुए नेता हैं और देश को ऐसे नेताओं की जरूरत है. इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में राघव चड्ढा अपनी खुद की पार्टी बना सकते हैं और लोग उनके साथ जुड़ना चाहेंगे.

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

राघव चड्ढा के वीडियो शेयर करने के बाद सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई. जहां कुछ लोग उनके समर्थन में नजर आए, वहीं कुछ ने उनकी आलोचना भी की. इस मामले ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि राजनीति और सोशल मीडिया का रिश्ता कितना गहरा हो चुका है.

 Khushboo Patani and Raghav Chadha -India Daily Instagram Screenshot

फिल्म मेकर अशोक पंडित ने इस मुद्दे पर राघव चड्ढा की आलोचना की. उन्होंने कहा कि जब पार्टी के अन्य नेताओं के साथ पहले ऐसा हुआ था, तब राघव चुप रहे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने अन्ना हजारे के अपमान और पार्टी के अंदर के विवादों पर आवाज नहीं उठाई. पंडित के इस बयान के बाद बहस और भी तेज हो गई.

राघव चड्ढा ने उठाए सवाल

इससे पहले राघव चड्ढा ने एक वीडियो संदेश जारी कर पार्टी के फैसले पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा कि वह संसद में हमेशा जनता से जुड़े मुद्दे उठाते हैं. जैसे हवाई अड्डों पर महंगे खाने, गिग वर्कर्स की समस्याएं, मोबाइल प्लान और मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ. उन्होंने सवाल किया कि क्या इन मुद्दों को उठाना ही उनकी गलती बन गया है.

इस पूरे विवाद के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि राघव चड्ढा का अगला कदम क्या होगा. क्या वह पार्टी में ही बने रहेंगे या फिर कोई नया राजनीतिक रास्ता चुनेंगे. खुशबू पटानी के बयान के बाद यह चर्चा और भी तेज हो गई है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: India Daily