मुंबई: साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल धुरंधर और उसका सीक्वल एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह फिल्म की कमाई नहीं, बल्कि मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान का एक बयान है, जिसने पूरे बॉलीवुड में हलचल मचा दी है.
स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 के मंच पर होस्टिंग करते हुए जाकिर खान ने जिस अंदाज में फिल्म की सफलता पर बात की, उसने सोशल मीडिया पर आग लगा दी. उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
अवॉर्ड शो के दौरान जाकिर ने मजाकिया अंदाज में बॉलीवुड सेलेब्रिटीज पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भले ही लोग सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ कर रहे हों, लेकिन अंदर ही अंदर धुरंधर की सफलता से कई लोग जल रहे हैं. उनके इस बयान ने दर्शकों को खूब हंसाया, लेकिन साथ ही एक गंभीर सवाल भी खड़ा कर दिया कि क्या सच में इंडस्ट्री के अंदर प्रतिस्पर्धा इतनी ज्यादा है कि दूसरों की सफलता चुभने लगती है.
वीडियो पर अशोक पंडित का समर्थन
इस वायरल वीडियो पर इंडस्ट्री के कई लोगों ने अपना रिएक्शन साझा किया है. अशोक पंडित ने भी इस पर अपनी राय रखते हुए ज़ाकिर खान का समर्थन किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि आपने सही बात कही है और सच बोलने का अलग ही मजा होता है. उनका यह समर्थन यह दिखाता है कि इंडस्ट्री के भीतर भी कई लोग ऐसे हैं जो इस बयान से सहमत नजर आते हैं.

