Dailyhunt
झारखंड में कपल ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिली लाश: क्या थी वजह

झारखंड में कपल ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, रेलवे ट्रैक पर टुकड़ों में मिली लाश: क्या थी वजह

India Daily 1 week ago

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक युवक और युवती के शव रेलवे ट्रैक पर कटे हुए हालत में मिले हैं. यह घटना किस्को प्रखंड के जोबांग थाना क्षेत्र के खरचा गांव के पास स्थित रेल लाइन की है.

पुलिस को आशंका है कि दोनों ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है.

घटना स्थल लोहरदगा और लातेहार जिले की सीमा पर स्थित रिचुघूटा रेलवे स्टेशन के पास बताया जा रहा है. सुबह स्थानीय लोगों ने जब रेल पटरी पर शवों को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जोबांग थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक और युवती की उम्र करीब 17 से 18 साल के बीच बताई जा रही है. ट्रेन से टकराने के कारण दोनों के सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है.

स्थानीय लोगों ने क्या बताई वजह?

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध हो सकता है और इसी कारण उन्होंने यह कदम उठाया होगा. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रहे हैं.

घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा. हालांकि प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए शवों को ट्रैक से हटवाया, जिससे रेल यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

अधिकारियों ने इस मामले के बारे में क्या बताया?

अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी. फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसमें कोई अन्य कारण भी शामिल है. स्थानीय लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और प्रशासन से मामले की सच्चाई जल्द सामने लाने की मांग कर रहे हैं.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: India Daily