Dailyhunt
'राजा शिवाजी' में जीवा महाला बने सलमान खान, जानिए कौन थे शिवाजी के वो वफादार योद्धा

'राजा शिवाजी' में जीवा महाला बने सलमान खान, जानिए कौन थे शिवाजी के वो वफादार योद्धा

India Daily 1 week ago

मुंबई: रितेश देशमुख की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'राजा शिवाजी' आखिरकार 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर बनी इस फिल्म में सलमान खान का दमदार कैमियो चर्चा में है.

सलमान फिल्म में जीवा महाला का किरदार निभा रहे हैं. आइए जानते हैं कौन थे वो बहादुर योद्धा जिनका रोल सलमान ने निभाया है.

कौन थे जीवा महाला?

जीवा महाला छत्रपति शिवाजी महाराज के बेहद करीबी और वफादार अंगरक्षक थे. इतिहास में उनका नाम खासतौर पर 1659 में हुए प्रतापगढ़ के युद्ध के लिए याद किया जाता है. जीवा महाला अपनी फुर्ती और तलवारबाजी के लिए मशहूर थे. शिवाजी महाराज उन पर आंख बंद करके भरोसा करते थे.

कैसे बचाई थी शिवाजी महाराज की जान

साल 1659 में प्रतापगढ़ किले की तलहटी में शिवाजी महाराज की मुलाकात बीजापुर के सरदार अफजल खान से हुई थी. यह मुलाकात एक साजिश थी. अफजल खान ने बातचीत के दौरान शिवाजी महाराज पर अचानक हमला कर दिया. उसी समय अफजल खान का सैनिक सैयद बंडा भी शिवाजी पर वार करने के लिए आगे बढ़ा. लेकिन पल भर में जीवा महाला ने अपनी तलवार से सैयद बंडा पर हमला कर उसे वहीं मार गिराया.

जीवा महाला की इस फुर्ती ने शिवाजी महाराज की जान बचा ली. अगर जीवा महाला सही समय पर वार न करते तो इतिहास कुछ और होता. इसी घटना के बाद जीवा महाला का नाम मराठा इतिहास में अमर हो गया. कहा जाता है कि इस घटना के बाद शिवाजी महाराज ने जीवा महाला की बहादुरी को खूब सराहा था.

फिल्म में सलमान का दमदार लुक

'राजा शिवाजी' में रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाया है. वहीं सलमान खान जीवा महाला के रोल में नजर आ रहे हैं. फिल्म में उनका लुक काफी दमदार है. हाथ में तलवार, मराठा वेशभूषा और आंखों में वफादारी का जज्बा - सलमान का ये अवतार फैंस को पसंद आ रहा है. हालांकि फिल्म में सलमान का रोल लंबा नहीं है, लेकिन प्रतापगढ़ युद्ध वाला सीन फिल्म की जान माना जा रहा है.

थिएटर्स में उस सीन पर खूब तालियां बज रही हैं. रितेश देशमुख ने इस फिल्म को डायरेक्ट भी किया है. फिल्म में शिवाजी महाराज के जीवन, उनकी रणनीति और स्वराज के सपने को दिखाया गया है. 'राजा शिवाजी' 1 मई से सिनेमाघरों में चल रही है और पहले दिन से ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: India Daily