Dailyhunt

Chhattisgarh: धमतरी में बड़ा एक्शन, 15 लाख से अधिक बकाया पर दो दुकानें सील, बकायादारों को दी गई चेतावनी

India News 1 week ago

Chhattisgarh News: धमतरी जिले के नगर पंचायत भखारा-भठेली ने राजस्व वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. लंबे समय से लीज और किराया नहीं चुकाने वाले दो दुकानदारों की दुकानें सील कर दी गईं.

दोनों बकायादारों पर कुल 15,26,000 रुपये की राशि बकाया थी.

यह कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पावरिया के निर्देश पर राजस्व एवं अतिक्रमण अमले द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में की गई. प्रशासन के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को पूर्व में तीन-तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बकाया राशि जमा नहीं की.

नवनीत सोन पर 11,76,000 रुपये की लीज राशि थी बकाया

सील की गई दुकानों में नवनीत सोन पर 11,76,000 रुपये की लीज राशि बकाया थी, जबकि गेवेन्द कुमार साहू पर 3,50,000 रुपये का किराया बकाया था. लगातार अनदेखी के बाद छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187 के तहत यह कार्रवाई की गई. मौके पर पंचनामा तैयार कर पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई.

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नगर विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए लीज व किराया आय अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए बकाया वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने दी चेतावनी

उन्होंने अन्य बकायादारों को चेतावनी दी कि वे सात दिनों के भीतर अपनी बकाया राशि जमा कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई करते हुए दुकान सील कर नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. नगर पंचायत की इस कार्रवाई को राजस्व सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: India News