Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में गोल्डी बराड़, गिरफ्तारी पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित

एफबीआई की मोस्ट वांटेड सूची में गोल्डी बराड़, गिरफ्तारी पर 50 हजार डॉलर का इनाम घोषित

अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने भारत के वांछित गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 50,000 अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है।

एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह से जुड़े होने और अमेरिका तथा कनाडा में कई हिंसक वारदातों में कथित संलिप्तता के आरोप हैं।

एफबीआई ने कहा कि गोल्डी बराड़ दक्षिणी कैलिफोर्निया सहित अमेरिका और कनाडा में सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का उत्तर अमेरिकी प्रमुख माना जाता है। एजेंसी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को लॉस एंजिलिस स्थित कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

गोल्डी बराड़ पर संगठित अपराध की साजिश, रंगदारी के लिए व्यापार में बाधा डालने की साजिश तथा नियंत्रित मादक पदार्थों की तस्करी और वितरण की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एफबीआई के अनुसार, उसके संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेज़्नो के अलावा कनाडा, भारत और मेक्सिको से भी जुड़े हुए हैं।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने कुछ घंटे पहले ही लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' के तहत भारत से जुड़े संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है।

अभियोग में जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह धांडा समेत अन्य कथित अपराधियों के नाम भी शामिल हैं। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि ये गिरोह अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड सहित कई देशों में मादक पदार्थों की तस्करी, रंगदारी और अन्य अंतरराष्ट्रीय अपराधों में सक्रिय रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Indian Witness Hindi