Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हाजीपुर में शादी में हथियार लहराकर डांस करना पड़ा भारी, दूल्हे की सुहागरात थाने की हाजत में बीती

हाजीपुर में शादी में हथियार लहराकर डांस करना पड़ा भारी, दूल्हे की सुहागरात थाने की हाजत में बीती

बिहार के हाजीपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हथियार लहराकर डांस करना एक दूल्हे को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हे और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों को अपनी शादी की पहली रात थाने की हाजत में बितानी पड़ी। बाद में उन्हें ₹5 लाख के बांड पर रिहा किया गया।

यह मामला वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के लावापुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को जयराम राय के पुत्र गुड्डू कुमार की शादी थी। बारात के दौरान डीजे बज रहा था और पारंपरिक कार्यक्रम चल रहे थे। इसी बीच गुड्डू कुमार का भाई सिंटू कुमार हाथ में हथियार लेकर डांस करते हुए पहुंचा और उसने वह हथियार दूल्हे को थमा दिया। इसके बाद दूल्हा भी हथियार लहराते हुए भोजपुरी गीत पर नाचने लगा।

शादी समारोह में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और 2 जुलाई की रात दूल्हे गुड्डू कुमार और उसके भाई सिंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस हथियार को दोनों लहरा रहे थे, वह असली नहीं बल्कि नकली हथियार था। हालांकि पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार जैसी वस्तु का प्रदर्शन कर दहशत फैलाना और आपत्तिजनक अंदाज में शक्ति प्रदर्शन करना कानून व्यवस्था के लिए गंभीर मामला है।

गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां ₹5 लाख के बांड पर उनकी रिहाई हुई। इस घटना के बाद हाजीपुर और आसपास के इलाकों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी या अन्य सार्वजनिक आयोजनों में कानून का पालन करें और हथियारों या हथियार जैसी वस्तुओं का प्रदर्शन करने से बचें।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Indian Witness Hindi