Dailyhunt
मध्य प्रदेश के धार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप पलटने से 12 मजदूरों की मौत, 20 घायल

मध्य प्रदेश के धार में भीषण सड़क हादसा, पिकअप पलटने से 12 मजदूरों की मौत, 20 घायल

ध्य प्रदेश के धार जिला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रही एसयूवी से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, लगभग 35 मजदूर बग्गड़ से काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे जब वाहन चिखलिया चौराहा के पास पहुंचा, तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया। वाहन पहले सड़क पर पलटा और फिर विपरीत दिशा से आ रही एसयूवी से टकरा गया।

इस भीषण हादसे में मौके पर ही 12 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 10 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। वहीं लगभग 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।

घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है।

जिला कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या 12 है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार कुछ मरीजों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और वाहन पर अधिक भार इस दुर्घटना का कारण हो सकता है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Indian Witness Hindi