Dailyhunt
नेपाल एयरलाइंस के नक्शे पर विवाद, जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान दिखाने पर माफी मांगी

नेपाल एयरलाइंस के नक्शे पर विवाद, जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान दिखाने पर माफी मांगी

नेपाल एयरलाइंस एक बार फिर विवादों में घिर गई है, जब उसके सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक 'नेटवर्क मैप' में भारत के जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और मामला तेजी से तूल पकड़ गया।

इस नक्शे में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को गलत तरीके से दर्शाया गया था। जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, भारतीय यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई। कई लोगों ने इसे भारत की संप्रभुता के खिलाफ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद नेपाल एयरलाइंस ने तुरंत पोस्ट हटा दी और गुरुवार को सार्वजनिक रूप से माफी जारी की। एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा कि साझा किया गया नक्शा "कार्टोग्राफिक त्रुटियों" से भरा हुआ था और यह नेपाल सरकार या एयरलाइंस के आधिकारिक रुख को नहीं दर्शाता।

एयरलाइंस ने कहा कि वह इस मामले की आंतरिक जांच कर रही है ताकि भविष्य में इस तरह की गलती दोबारा न हो। साथ ही, उसने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने पड़ोसी देशों के साथ मजबूत और सकारात्मक संबंधों को बेहद महत्व देती है।

गौरतलब है कि भारत और नेपाल के बीच सीमा को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं। वर्ष 2020 में भी नेपाल द्वारा नया नक्शा जारी किए जाने पर विवाद हुआ था, जिसमें लिम्पियाधुरा, कालापानी और लिपुलेख जैसे क्षेत्रों को नेपाल का हिस्सा बताया गया था।

भारत और नेपाल के बीच लगभग 1,800 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है, और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध काफी मजबूत रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Indian Witness Hindi