Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

तमिलनाडु गैस त्रासदी में ओडिशा के मृतक श्रमिकों की संख्या बढ़कर 15 हुई

Indo Asian Times 2 weeks ago
  • केंदुझर की रोहिणी जुआंग ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

  • कई अन्य श्रमिक अब भी अस्पताल में भर्ती

भुवनेश्वर। तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में ओडिशा के मृतक प्रवासी श्रमिकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल रोहिणी जुआंग की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह ओडिशा के केंदुझर जिले के हरिचंदनपुर क्षेत्र स्थित रेबना गांव की रहने वाली थीं और उनकी उम्र 23 वर्ष थी।

सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल चार से पांच अन्य श्रमिक अब भी विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

यह हादसा 21 जून को तिरुवल्लुर जिले के पेरियापालयम के निकट कन्निगाइपैर गांव स्थित एक निजी समुद्री खाद्य प्रसंस्करण एवं निर्यात इकाई में हुआ था। घटना के समय ओडिशा, असम और झारखंड के लगभग 120 प्रवासी श्रमिक फैक्ट्री में कार्यरत थे। इसी दौरान अमोनिया गैस का रिसाव होने से पूरे परिसर में जहरीली गैस फैल गई।

गैस के प्रभाव से श्रमिकों को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आने और आंखों में तेज जलन की शिकायत होने लगी। कई श्रमिक फैक्ट्री परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़े, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे इस हादसे की गंभीरता और अधिक उजागर हो रही है।

मृतक और घायल श्रमिकों के परिजनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रवासी श्रमिकों को रोजगार देने वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को और अधिक सख्ती से लागू करने की मांग भी तेज हो गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Indo Asian Times