नई दिल्ली: असम के हैलाकांडी जिले में शनिवार रात एक 16 वर्षीय किशोरी की हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. राष्ट्रीय राजमार्ग-6 के पास अलोइचोरा क्षेत्र में कटलीचेरा थाने की सीमा में स्थित अपने घर में लड़की का शव मिला।परिवार का आरोप है कि उसके साथ बलात्कार के बाद क्रूरतापूर्वक हत्या कर दी गई. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
कब हुई ये घटना
परिवार के सदस्य पास के रिश्तेदार के घर दावत में गए हुए थे. पीड़िता भी वहां मौजूद थी, लेकिन चचेरे भाई से छोटी-सी कहासुनी के बाद रात करीब 10:30 बजे वह घर लौट गई. परिवार ने सोचा था कि बाद में उसके लिए खाना ले आएंगे. लेकिन जब हम लगभग एक घंटे बाद घर पहुंचे, तो उसका शव देखकर हम दंग रह गए. मां ने फर्श पर पड़े शव को देखकर सदमे में कहा कि शरीर लगभग पहचान से बाहर हो चुका था. उन्होंने आरोपियों के लिए मृत्युदंड की मांग की. वहीं बहन का आरोप है कि हमलावरों ने शरीर को क्षत-विक्षत करने के लिए घरेलू बर्तनों और अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल किया.
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रविवार को पांच युवकों को हिरासत में लिया। इसी के चलते सोमवार तक 17 से 19 वर्ष की आयु के तीन किशोरों को गिरफ्तार कर लिया गया. इनमें एक 17 वर्षीय लड़का भी शामिल है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा ने कहा कि मामले की क्रूरता को देखते हुए अदालत से अपील की गई है कि उस पर वयस्क के रूप में मुकदमा चलाया जाए. जांच अधिकारियों के अनुसार पीड़िता का कथित तौर पर आरोपियों में से एक से पहले से परिचय था.
मामले की जांच के लिए SIT का किया गया गठन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर दर्पण बरुआ ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 103(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच आगे बढ़ने पर और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं. कई अन्य लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही विशेष जांच दल का गठन किया गया है. सिन्हा ने कहा कि आरोपी पीड़िता और उसके घर से परिचित थे, लेकिन हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, जिसको लेकर गहन जांच जारी है.
घटना के बाद हैलाकांडी और बराक घाटी में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए. स्थानीय लोगों ने एनएच-6 को जाम कर आरोपियों के लिए फांसी की मांग की. वहीं अब पुलिस ने संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक न करने की अपील की है.

