Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बिहार में बनेगा NSD कैंपस, युवाओं को मिलेगा मौका, CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी का जताया आभार

बिहार में बनेगा NSD कैंपस, युवाओं को मिलेगा मौका, CM सम्राट चौधरी ने PM मोदी का जताया आभार

टना: बिहार में अब थिएटर और परफॉर्मिंग आर्ट्स से जुड़े युवाओं के लिए नए अवसर खुलने वाले हैं। हाल ही खबर सामने आई है कि केंद्र सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) का नया कैंपस स्थापित करने को मंजूरी दे दी है।

इस फैसले पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि बिहार में NSD कैंपस खुलना राज्य की समृद्ध नाट्य और प्रदर्शन कला परंपरा के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे बिहार की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

युवा कलाकारों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की धरती का थिएटर और लोक कलाओं से पुराना नाता रहा है। यह राज्य कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान हस्तियों से जुड़ा रहा है। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि बिहार की लोक नाट्य परंपराओं ने देश की सांस्कृतिक विरासत में अहम योगदान दिया है।

NSD के नए कैंपस के शुरू होने के बाद राज्य के युवा कलाकारों को थिएटर की प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेने का बेहतर मौका मिलेगा। यहां अभिनय, स्टेजक्राफ्ट, परफॉर्मिंग आर्ट्स और रिसर्च जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण और अध्ययन की सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपने हुनर को निखारने के लिए दूसरे राज्यों का रुख कम करना पड़ेगा।

बिहार में फिल्म सिटी बनाने का भी ऐलान

बता दें, बिहार सरकार इससे पहले राज्य में फिल्म सिटी बनाने की घोषणा भी कर चुकी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'भोजपुरी बवाल' कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले के दौरान इस योजना का जिक्र किया था। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भोजपुरी कलाकारों से फिल्म सिटी के लिए उपयुक्त जगह चुनने में सहयोग करने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि बिहार के युवाओं में अभिनेता, निर्देशक, लेखक, संगीतकार और फिल्म निर्माण से जुड़े दूसरे क्षेत्रों में आगे बढ़ने की क्षमता है। सरकार ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को राज्य में आकर काम करने का न्योता भी दिया है। बताया गया है कि बिहार में करीब 54 फिल्मों की शूटिंग की अनुमति पहले ही दी जा चुकी है।

सुनील शेट्टी भी कर चुके हैं मुलाकात

कुछ समय पहले अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। बैठक के बाद अभिनेता ने बिहार में जल्द फिल्म निर्माण शुरू करने की बात कही थी। NSD कैंपस और प्रस्तावित फिल्म सिटी को साथ देखा जाए तो बिहार में फिल्म और थिएटर से जुड़े युवाओं के लिए आने वाले समय में नए रास्ते खुल सकते हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times