Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
ICC की अहमदाबाद मीटिंग में बड़े फैसले: पिंक बॉल ट्रायल को मंजूरी, कनाडा बोर्ड सस्पेंड

ICC की अहमदाबाद मीटिंग में बड़े फैसले: पिंक बॉल ट्रायल को मंजूरी, कनाडा बोर्ड सस्पेंड

ई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की सोमवार को अहमदाबाद में अहम बोर्ड मीटिंग हुई। इस बैठक में ग्लोबल क्रिकेट को बेहतर बनाने, नए इनोवेशन लाने और महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े फैसले लिए गए।

साथ ही ICC ने कनाडा क्रिकेट बोर्ड पर कड़ा एक्शन लेते हुए उसे सस्पेंड कर दिया।

कनाडा क्रिकेट बोर्ड पर सख्त एक्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ICC ने कनाडा क्रिकेट बोर्ड की मेंबरशिप निलंबित कर दी है। वजह है मेंबरशिप की शर्तों का गंभीर उल्लंघन करना। हालांकि कनाडा की नेशनल टीमें ICC इवेंट्स में खेलती रहेंगी। ICC ने यह भी साफ किया कि कनाडा को फंडिंग मिलती रहेगी ताकि खिलाड़ियों को कोई नुकसान न हो।

टेस्ट में पिंक बॉल का ट्रायल

बोर्ड ने टेस्ट मैचों में पिंक बॉल के इस्तेमाल के ट्रायल को हरी झंडी दे दी है। यह फैसला खराब रोशनी की वजह से बर्बाद होने वाले समय को बचाने के लिए लिया गया है। लेकिन इसके लिए दोनों टीमों की सहमति जरूरी होगी। टीमें लाल गेंद की जगह पिंक बॉल का इस्तेमाल कर सकेंगी। ICC ने MCC के साथ मिलकर लाइटिंग टेक्नोलॉजी पर रिसर्च के लिए फंड देने का भी ऐलान किया है।

कोच को मिली ड्रिंक्स ब्रेक में बात करने की छूट

ICC ने प्लेइंग कंडीशन में बदलाव किया है। अब हेड कोच या उनका नामित प्रतिनिधि ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान खिलाड़ियों से बात कर सकेगा। खिलाड़ी अब ड्रिंक्स इंटरवल में कोच से सलाह ले पाएंगे। इसके अलावा T20 मैचों में दोनों पारियों के बीच 15 मिनट का ब्रेक अनिवार्य कर दिया गया है। इसका मकसद खिलाड़ियों को अगली पारी के लिए तैयारी का पूरा समय देना है।

हॉक-आई डेटा का इस्तेमाल और लेग-साइड वाइड नियम

ICC ने लेग-साइड वाइड ट्रायल को स्थायी रूप से अपना लिया है। अब गेंद फेंकने के समय बल्लेबाज की पोजीशन को रेफरेंस पॉइंट माना जाएगा। साथ ही अवैध बॉलिंग एक्शन की जांच में मैच अधिकारियों को हॉक-आई डेटा इस्तेमाल करने की मंजूरी दे दी गई है।

महिला क्रिकेट को लेकर बड़े बदलाव

ICC बोर्ड ने महिला क्रिकेट इवेंट्स में भी बदलाव किए हैं। विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी 2027 को जून-जुलाई की जगह अब 14 से 28 फरवरी 2027 तक कर दिया गया है। 2026 में 10 टीमों की विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी शुरू होगी। इसमें पांच फुल मेंबर और पांच एसोसिएट देश होंगे।

टीमों का चयन रैंकिंग और पिछले टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन के आधार पर होगा। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए 10 टीमों का ग्लोबल क्वालिफायर होगा। यह 12 टीमों का टूर्नामेंट पाकिस्तान में होगा, लेकिन भारत के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट पर बनी कमेटी

गौरतलब है कि ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि अहमदाबाद की बैठक से गवर्नेंस और क्रिकेट की ग्रोथ को लेकर प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। बोर्ड ने फ्रेंचाइजी क्रिकेट के बढ़ते विस्तार पर चिंता जताई। इंटरनेशनल कैलेंडर के साथ फ्रेंचाइजी क्रिकेट को तालमेल में लाने के लिए एक कमेटी बनाने का फैसला किया गया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times