Dailyhunt

कौन है चंदन सिंह? जिसने सीवान में विधायक को दी सीधी चुनौती, सड़क विवाद से शुरू हुई बड़ी सियासी लड़ाई

बिहार का सीवान जिला एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां कभी बाहुबल और अपराध की कहानियां आम थीं. इस बार मामला दो प्रभावशाली चेहरों के बीच टकराव का है, जिसने इलाके में फिर से तनाव बढ़ा दिया है.

एक मामूली सड़क विवाद ने अचानक बड़ा रूप ले लिया और अब यह मामला राजनीति और आपराधिक आरोपों तक पहुंच गया है.

रविवार शाम एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव के पास एक साधारण सा विवाद शुरू हुआ. एक ऑटो चालक और स्कॉर्पियो सवार लोगों के बीच रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई. शुरुआत में यह मामला छोटा लग रहा था, लेकिन देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई.

कौन है चंदन सिंह?

इस पूरे विवाद के केंद्र में चंदन सिंह नाम का शख्स है, जो इलाके में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है. उसके खिलाफ पहले से ही हत्या और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों के आरोप दर्ज हैं. माना जा रहा है कि वह सीवान में अपना प्रभाव बढ़ाना चाहता है, जहां पहले बाहुबली नेता शहाबुद्दीन का दबदबा रहा है और अब उसके बेटे ओसामा शहाब का राज है. ओसामा यहां से विधायक है पर इस बार उन्हें चंदन सिंह से सीधे चुनौती मिल रही है.

कैसे बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, चंदन सिंह अपने काफिले के साथ किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी और एक बैट्री ऑटो के बीच साइड देने को लेकर बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि आसपास के लोग भी इसमें शामिल हो गए. देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो गाड़ियों पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की. लेकिन इस दौरान भीड़ और उग्र हो गई और पुलिस पर भी पथराव कर दिया. इस हमले में एक होमगार्ड जवान घायल हो गया. हालात को काबू में लाने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा. काफी प्रयास के बाद स्थिति सामान्य की जा सकी.

आरोप-प्रत्यारोप का दौर

इस घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया है. एक तरफ ऑटो चालक ने फायरिंग का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी ओर चंदन सिंह ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए राजद विधायक ओसामा शहाब और उनके करीबी पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि उन्हें पहले से निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी और इस घटना के दौरान उन्हें घेरने की कोशिश की गई.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times