वृंदावन: विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में रविवार को श्रद्धा और मातृभक्ति की ऐसी अनोखी तस्वीर देखने को मिली, जिसने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का दिल छू लिया। भीषण भीड़ के बीच एक युवक अपनी अशक्त बुजुर्ग मां को लोहे के बड़े तसले में बैठाकर सिर पर उठाए मंदिर पहुंचा और उन्हें भगवान बांके बिहारी के दर्शन कराए।
बेटे के इस समर्पण को देखकर श्रद्धालु भी भावुक हो गए।
अशक्त मां की इच्छा पूरी करने का अनोखा तरीका
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला चलने-फिरने में असमर्थ थीं। इसके बावजूद उनके मन में ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन की प्रबल इच्छा थी। मां की इच्छा पूरी करने के लिए बेटे ने अनोखा तरीका अपनाया। उसने अपनी बुजुर्ग मां को लोहे के बड़े तसले में बैठाया और उसे सिर पर उठाकर भीड़ के बीच मंदिर तक पहुंच गया।
श्रद्धालुओं ने कैद की तस्वीरें और दी प्रशंसा
मंदिर परिसर में जब श्रद्धालुओं की नजर इस दृश्य पर पड़ी तो लोग कुछ देर के लिए ठिठक गए। भीड़ के बीच मां को सिर पर उठाकर ले जा रहे युवक की तस्वीर और वीडियो भी श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिए। कई श्रद्धालु युवक के जज्बे को देखकर उसकी प्रशंसा करते नजर आए।
बेटे का समर्पण आधुनिक दौर में अनुकरणीय
मां को दर्शन कराने के बाद युवक उन्हें लेकर वापस लौट गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच यही चर्चा रही कि आधुनिक दौर में जहां लोग अपने माता-पिता की जिम्मेदारियों से बचते नजर आते हैं, वहीं इस बेटे ने अपनी मां की इच्छा पूरी करने के लिए जिस तरह का समर्पण दिखाया, वह वास्तव में अनुकरणीय है।
श्रद्धालुओं ने युवक को 'कलयुगी श्रवण कुमार' बताते हुए उसके मातृप्रेम और भक्ति को सलाम किया। बांके बिहारी मंदिर में सामने आया यह भावुक दृश्य अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

