अलीगढ़: 3 इडियट्स शायद ही किसी ने न देखी हो. फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले 'रैंचो' का किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है, लेकिन एक ऐसा पात्र भी था जिसने अपनी अनोखी शैली से दर्शकों को हँसते-हँसते लोटपोट कर दिया-'चतुर रामलिंगम'.
आज भी जब लोग यह फिल्म देखते हैं, तो चतुर का किरदार तुरंत याद आ जाता है. कुछ ऐसा ही नजारा हाल ही में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में देखने को मिला, जहां एक नाइजीरियाई छात्र की स्पीच ने सभी को चतुर रामलिंगम की याद दिला दी.
एएमयू के बीटेक सेकंड ईयर के केमिकल इंजीनियरिंग के छात्र अय्यूबी ने अपनी प्रस्तुति से सबको हैरान कर दिया. उन्होंने 'चतुर रामलिंगम' की भाषा शैली में ऐसा शानदार भाषण दिया कि पूरा हॉल हंसी के ठहाकों से गूंज उठा. उनकी स्पष्ट हिंदी उच्चारण और फिल्मी अंदाज ने पूरे कार्यक्रम को बेहद यादगार बना दिया.
'चतुर रामलिंगम' अंदाज में छाई प्रस्तुति
अय्यूबी ने अपनी स्पीच में फिल्म के प्रसिद्ध किरदार 'चतुर रामलिंगम' की नकल करते हुए हिंदी में संवाद प्रस्तुत किए. एक विदेशी छात्र के मुंह से धाराप्रवाह हिंदी और वही फिल्मी अंदाज सुनकर हॉल में मौजूद छात्र उत्साहित हो उठे.
स्पीच समाप्त होते ही पूरा हॉल तालियों की गूंज से भर गया और छात्रों ने अय्यूबी को कंधों पर उठाकर खुशी जाहिर की.
छात्रों ने मनाया जश्न
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हॉस्टल के छात्र अय्यूबी की प्रस्तुति से बेहद खुश नजर आ रहे हैं. एमटेक प्रथम वर्ष के छात्र फैसल त्यागी और अय्यूबी ने बताया कि यह आयोजन यूनिवर्सिटी की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा था.
अय्यूबी की प्रस्तुति, उनके लहजे और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम में अलग ही रंग भर दिया. विदेशी छात्र को हिंदी और बॉलीवुड स्टाइल में देखना साथियों के लिए खास अनुभव बन गया.
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
नदीम तरीन हॉस्टल में हुए इस कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग अय्यूबी की मेहनत और उनकी हिंदी की जमकर सराहना कर रहे हैं.
छात्रों का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम होते हैं, बल्कि अलग-अलग देशों से आए छात्रों के बीच आपसी जुड़ाव भी मजबूत करते हैं. अय्यूबी की यह प्रस्तुति अब यूनिवर्सिटी की यादगार घटनाओं में शामिल हो गई है.

