Dailyhunt
पूर्णिया में चौंकाने वाला कांड! सत्संग गई मां की नाबालिग बेटी के मुंह में कपड़ा ठूंस कर गैंगरेप

पूर्णिया में चौंकाने वाला कांड! सत्संग गई मां की नाबालिग बेटी के मुंह में कपड़ा ठूंस कर गैंगरेप

बिहार के पूर्णिया जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ सामुदायिक दुष्कर्म का जघन्य मामला सामने आया है. सिकटी थाना क्षेत्र के एक गांव में 25 मार्च को हुई इस घटना में चार युवकों पर आरोप लगे हैं.

पीड़िता की मां ने शुक्रवार को थाने में चारों के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने नाबालिग को मेडिकल जांच और न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए अररिया भेज दिया है. इसी बीच राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में भी एक तीन वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म का दूसरा मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची के चाचा और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है.

पूर्णिया में नाबालिग के साथ जघन्य अपराध

सिकटी थाना क्षेत्र में 23 से 25 मार्च तक गांव में संतमत सत्संग का आयोजन चल रहा था. पीड़िता की मां ने बताया कि 25 मार्च की शाम वह परिवार सहित सत्संग में गई थीं. जब उनकी नाबालिग बेटी शौच के लिए बाहर निकली तो चार युवकों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे मक्के के खेत में ले गए. वहां चारों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया. आरोप है कि इस दौरान आरोपी युवकों ने अश्लील वीडियो भी बना लिया और लड़की को धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे. घटना के बाद लड़की ने अपनी मां को पूरी आपबीती बताई. पंचायती होने के कारण प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी हुई.

पुलिस की कार्रवाई

सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन पर चार युवकों के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. नाबालिग लड़की की मेडिकल जांच के लिए अररिया भेजा गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

पटना में तीन वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म

परसा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई. बच्ची अपने घर में सो रही थी. उसके चाचा, जो नशे में था, घर में घुसकर उसे उठा ले गया और बगल के खेत में अपने दो दोस्तों के साथ ले जाकर दुष्कर्म किया. पीड़िता की मां की सूचना पर पुलिस ने बच्ची के चाचा और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया. एक आरोपी अभी फरार है. बच्ची को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है.

घटना कैसे हुई?

रात के समय गांव के एक व्यक्ति मछली पालन के तालाब की रखवाली कर रहा था. बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसे लगा कि गांव में चोर घुस आया है. उसने शोर मचाया तो आरोपी बच्ची को घायल अवस्था में खेत में छोड़कर भाग गए.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times