Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छाया 'रामायण' का ट्रेलर; रणबीर, साई पल्लवी और यश के दमदार अवतार ने जीता फैंस का दिल

रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छाया 'रामायण' का ट्रेलर; रणबीर, साई पल्लवी और यश के दमदार अवतार ने जीता फैंस का दिल

मुंबई: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस मेगा बजट फिल्म की पहली झलक ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है.

ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के दमदार किरदार में नजर आए हैं. फिल्म के भव्य दृश्य, शानदार वीएफएक्स और पौराणिक कहानी की प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. खास बात यह रही कि ट्रेलर गुरुवार सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज किया गया, जिसे हिंदू परंपरा में बेहद शुभ माना जाता है.

राम और रावण के संघर्ष की दिखाई गई झलक

करीब चार मिनट लंबे ट्रेलर में रामायण के प्रमुख घटनाक्रमों की झलक दिखाई गई है. इसमें भगवान राम के जीवन, उनके प्रशिक्षण, माता सीता के वनवास में साथ जाने के निर्णय और आगे की यात्रा को दिखाया गया है. इसके साथ ही सूर्पणखा की एंट्री, रावण का प्रभावशाली परिचय और सीता हरण जैसी अहम घटनाओं को भी सिनेमाई अंदाज में पेश किया गया है. ट्रेलर का अंत राम और रावण के बीच होने वाले महायुद्ध की झलक के साथ होता है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है. निर्माताओं ने ट्रेलर साझा करते हुए लिखा कि यहीं से इस महाकाव्य की शुरुआत होती है.

स्टार कास्ट ने बढ़ाई फिल्म की भव्यता

फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा कई बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. लारा दत्ता कैकेयी का किरदार निभा रही हैं, जबकि विवेक ओबेरॉय विद्युतजिह्वा के रूप में दिखाई देंगे. रकुल प्रीत सिंह को सूर्पणखा, शोभना को कैकसी, शीबा चड्ढा को मंथरा और सौरभ सचदेवा को मारीच की भूमिका में देखा जाएगा. फिल्म का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले किया गया है. वहीं संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता हंस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं.

सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया

ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों ने अपनी राय खुलकर साझा की. बड़ी संख्या में दर्शकों ने रणबीर कपूर के शांत और प्रभावशाली राम, यश के दमदार रावण और फिल्म के शानदार विजुअल्स की तारीफ की. एक यूजर ने लिखा कि, "इस रामायण ट्रेलर की सबसे अच्छी बात यह है कि आपको कभी नहीं लगता कि यह 4 मिनट लंबा है; रणबीर कपूर अच्छे लग रहे हैं और रावण के रोल में यश शानदार हैं."

एक यूजर ने लिखा कि, "रामायण का ट्रेलर अच्छा लग रहा है। कुछ शॉट्स देखने में बहुत शानदार हैं, जबकि कुछ में अभी और सुधार की जरूरत है. अगर इसमें कोई जबरदस्त 'मनी शॉट' होता, तो इसकी चर्चा और भी जोरदार होती. कुल मिलाकर, मैं उत्साहित हूँ, लेकिन बड़े पैमाने वाले विज़ुअल्स पर थोड़ा और काम करने की जरूरत है."

वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि, "भारतीय सिनेमा की एक शानदार और भव्य फ़िल्म आ रही है !!"

हालांकि, कुछ यूजर्स ने ट्रेलर की कलर ग्रेडिंग को लेकर सवाल भी उठाए. उनका कहना था कि थिएटर में दिखाई गई झलक की तुलना में यूट्यूब पर रंगों की गुणवत्ता अलग महसूस हुई. इसके बावजूद अधिकांश प्रतिक्रियाएं फिल्म के पक्ष में दिखाई दीं और दर्शकों ने इसके विजुअल्स व स्केल की सराहना की.

पांच भाषाओं में रिलीज हुआ ट्रेलर

निर्माताओं ने 'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत पांच भारतीय भाषाओं में जारी किया है, ताकि देशभर के दर्शक इसे अपनी भाषा में देख सकें. आधिकारिक रिलीज से पहले ट्रेलर का विशेष प्रदर्शन नई दिल्ली में चुनिंदा मीडिया के लिए किया गया था. इसके अलावा सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में भी इसकी पहली झलक दिखाई गई थी. ट्रेलर के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म की रिलीज पर टिकी हुई है. भव्य स्टारकास्ट, बड़े स्तर के निर्माण और पौराणिक कहानी की नई प्रस्तुति के कारण 'रामायण पार्ट 1' को आने वाले समय की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times