Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
रोहतक में महिला की हत्या, पति ने प्रेमिका संग मिलकर गला घोंटा, घर के फर्श पर मिला शव

रोहतक में महिला की हत्या, पति ने प्रेमिका संग मिलकर गला घोंटा, घर के फर्श पर मिला शव

रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले की नेहरू कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान चिंकी उर्फ सिमरन (35) के रूप में हुई है, जो अपने पति गोविंदा और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रहती थी.

महिला का शव घर के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि उसके मुंह और पेट पर चोट के निशान पाए गए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति गोविंदा ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर की है. आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले गया. फिलहाल सिटी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ा था विवाद

जींद जिले के निडाना गांव निवासी कमलेश देवी ने बताया कि करीब 10 साल पहले उनकी बेटी चिंकी की शादी जुलाना निवासी गोविंदा के साथ हुई थी. दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें छह साल की बेटी और चार साल का बेटा शामिल है.

परिजनों के अनुसार, करीब एक महीने पहले गोविंदा ने सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ पोस्ट साझा की थी. जब चिंकी को इस बारे में जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया. इसके बाद से दोनों के बीच लगातार विवाद और तनाव बना हुआ था.

प्रेमिका के साथ घर पहुंचा था आरोपी

कमलेश देवी का आरोप है कि वीरवार शाम को गोविंदा अपनी कथित प्रेमिका के साथ घर पहुंचा था. रात के समय घर में झगड़ा हुआ और इसी दौरान चिंकी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई.

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे महिला का शव घर के अंदर फर्श पर पड़ा मिला. उस समय घर में न तो आरोपी मौजूद था और न ही बच्चे और दूसरी महिला दिखाई दिए.

मुंह और पेट पर मिले चोट के निशान

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में महिला के मुंह और पेट पर चोट के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मामले की जांच कर रहे एसआई सत्यदेव ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी घटना की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Janbhawana Times